CG Accident: खड़े ट्रक से टकराई मनीष ट्रेवल्स की बस, ड्राइवर और महिला हेल्पर की दर्दनाक मौत

जगदलपुर : छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई। रायपुर से जगदलपुर की ओर आ रही मनीष ट्रेवल्स की बस बस्तर थाना क्षेत्र के माजीसा पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस के चालक और महिला हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य यात्री घायल हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे। सुबह करीब 4 बजे जब अधिकतर यात्री सो रहे थे, उसी समय चालक को झपकी आ गई, जिसके कारण बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर वाहन में फंस गया।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। चालक को बाहर निकालने के लिए कटर मशीन का उपयोग करना पड़ा। वहीं, घायल यात्रियों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों के अनुसार, अन्य घायलों की हालत खतरे से बाहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *