Korba News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां सोमवारी बाजार के पीछे स्थित एक कॉलोनी में एक महिला की अर्धनग्न, जली हुई लाश बरामद हुई। सुबह-सुबह शव पर नजर पड़ते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही बाकी मोगरा थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी जांच के लिए मौके पर बुलाया गया है। फिलहाल पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या कर शव को जलाने की कोशिश की गई है, ताकि पहचान न हो सके। मृतका की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस आस-पास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स द्वारा मौके से जुटाए गए सबूतों की जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि महिला की शिनाख्त होते ही केस में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
इलाके में इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना पहली बार हुई है, जिससे कॉलोनी के रहवासी दहशत में हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।
