Balrampur-Wadrafnagar News: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर क्षेत्र में शिक्षा जगत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। वाड्रफनगर विकासखंड के ग्राम पशुपतिपुर स्थित प्राथमिक शाला में (Pashupatipur Primary School) पदस्थ शिक्षक लक्ष्मीनारायण सिंह का छात्राओं के साथ डांस (Teacher Dance Video Viral) करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि शिक्षक नशे की हालत में था, और यही नहीं – छात्रों ने उस पर गंभीर आरोप भी लगाए हैं। वायरल वीडियो देख क्षेत्रीय विधायक व बीईओ ने शिक्षक पर कार्रवाई करने की बात कही है।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि लक्ष्मीनारायण सिंह स्कूल के भीतर मोबाइल पर बज रहे गाने की धुन पर छात्राओं के साथ नाच रहा है। उसके हाव-भाव और लड़खड़ाते कदमों से यह स्पष्ट है कि उसने शराब पी रखी है। यह वीडियो वायरल होते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई है
छात्रों ने लगाए गंभीर आरोप
स्कूल के छात्रों ने शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि वे अक्सर शराब के नशे में स्कूल आते हैं। बच्चों का दावा है कि नशे की हालत में वे न सिर्फ कक्षाओं को अव्यवस्थित करते हैं बल्कि बच्चों के साथ मारपीट भी करते हैं। बच्चों की मानें तो यह घटना पहली बार नहीं है।
जनप्रतिनिधियों और शिक्षा विभाग ने लिया संज्ञान
वायरल वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्रीय विधायक और विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। बीईओ ने कहा है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित शिक्षक पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। विधायक ने भी इसे शिक्षा व्यवस्था के लिए शर्मनाक बताते हुए दोषी शिक्षक को निलंबित करने की बात कही है
