CG Female Constable Suicide : महिला आरक्षक की संदिग्ध मौत, फांसी पर लटका मिला शव, आत्महत्या या हत्या? जांच में जुटी पुलिस

Kondagaon Female Constable Suicide : छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के केशकाल थाना क्षेत्र में पदस्थ एक महिला आरक्षक (बस्तर फाइटर) का शव उनके आवास पर फांसी के फंदे से लटका मिला है। यह घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है, जिसने पूरे पुलिस महकमे में सनसनी फैला दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका केशकाल थाने में पदस्थ थी और हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में निवासरत थी। देर रात काफी देर तक दरवाजा नहीं खोलने पर सहकर्मियों ने शंका जाहिर की। आवाज देने और कॉल करने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो केशकाल पुलिस ने दरवाजा तोड़ा। अंदर प्रवेश करते ही महिला आरक्षक को फांसी के फंदे पर लटका पाया गया।

पुलिस ने तत्काल शव को नीचे उतारा और मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक तौर पर यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। परिजनों और सहकर्मियों से पूछताछ भी की जा रही है।

बताया जा रहा है कि मृतिका के पिता भी छत्तीसगढ़ पुलिस में प्रधान आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं और किसी अन्य जिले में कार्यरत हैं। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।

जांच में जुटी पुलिस (CG Female Constable Suicide)

पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के संबंध में लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *