CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के 18 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं रायपुर, धमतरी, कांकेर और सुकमा समेत 15 जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। बिलासपुर और कोरबा जिलों में तेज हवाएं चलने के आसार हैं। यह स्थिति आगामी पांच दिनों तक बनी रह सकती है।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को प्रदेश के 100 से अधिक स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। औसतन 29.42 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। तापमान की बात करें तो बिलासपुर 31.0°C के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 19.0°C दर्ज किया गया, जो सबसे ठंडा रहा।
मानसून की चाल धीमी, जून में 22% कम बारिश
इस वर्ष 1 जून से 30 जून के बीच छत्तीसगढ़ में अब तक 151.2 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य औसत 193.5 मिमी होता है। इस लिहाज से जून में अब तक 22% कम बारिश हुई है, जो कृषि और जलस्रोतों के लिहाज से चिंता की बात है।
बलरामपुर में रिकॉर्ड तोड़ बारिश
जहां अधिकांश जिलों में कम वर्षा हुई है, वहीं बलरामपुर जिले में सामान्य से 112% अधिक वर्षा दर्ज की गई है। यहां जून में अब तक 293.7 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य तौर पर 138 मिमी बारिश होती है।
मौसम विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है, विशेषकर बिजली गिरने की आशंका वाले जिलों में।
