Sarguja News: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा केरजू पुलिस चौकी क्षेत्र के एक गांव में हुआ है।
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 9 वर्षीय आरव अग्रवाल और 7 वर्षीय अंश अग्रवाल के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई थे। बताया जा रहा है कि सोमवार देर शाम दोनों बच्चे अपने दोस्तों के साथ खेलने के लिए घर से निकले थे। खेलने के दौरान वे पास के तालाब पर अपनी साइकिल धोने पहुंचे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
रातभर दोनों बच्चों के घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आज सुबह गांववालों को तालाब में बच्चों की चप्पलें दिखीं, जिसके बाद खोजबीन तेज हुई और दोनों के शव तालाब से बरामद किए गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। दोनों बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
