CG Kawardha News: छत्तीसगढ़ की कवर्धा जिले के थाना की पुलिस को आज तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। रविवार को चिल्फी पुलिस ने एक संदिग्ध कार से 38 किलो चांदी जब्त की है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 40 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आगरा से रायपुर की ओर जा रही एक कार में भारी मात्रा में चांदी का अवैध परिवहन किया जा रहा है। इसी आधार पर चिल्फी पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोका। कार की तलाशी लेने पर उसमें से 38 किलो चांदी बरामद की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वाहन में सवार चारों व्यक्तियों के पास चांदी के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं थे। पूछताछ में वे चांदी की खरीद या बिक्री को लेकर संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके, जिसके बाद चारों को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस को संदेह है कि यह चांदी तस्करी के उद्देश्य से रायपुर ले जाई जा रही थी, जहां इसे खपाने की योजना थी। फिलहाल चिल्फी पुलिस चारों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।
