CG Bilaspur News: कुंदरू की सब्जी खाने से एक ही परिवार के 6 लोग बीमार, सभी अस्पताल में भर्ती

CG Bilaspur News: मस्तूरी थाना क्षेत्र के जयरामनगर में कुंदरू की सब्जी खाने के बाद एक ही परिवार के छह सदस्य गंभीर रूप से बीमार हो गए। सभी को उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टरों की प्रारंभिक जांच में फूड पॉइजनिंग की पुष्टि हुई है।

 

घटना रविवार रात की बताई जा रही है। जयरामनगर के भिलाई निवासी फूलचंद ने बताया कि रात करीब 9 बजे परिवार के सभी सदस्यों ने कुंदरू की सब्जी के साथ भोजन किया। इसके बाद सभी अपने-अपने कमरों में सो गए। सोमवार तड़के करीब 4 बजे अचानक सभी को उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी। कुछ ही देर में चार वयस्क और दो बच्चों की तबीयत तेजी से बिगड़ गई।

 

परिजनों ने स्थिति गंभीर देख तत्काल संजीवनी 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी को बिलासपुर के सिम्स अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों की टीम ने फौरन इलाज शुरू किया। सभी को अलग-अलग वार्डों में भर्ती किया गया है।

 

घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और संभावित कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल प्रथम दृष्टया कुंदरू की सब्जी को ही जिम्मेदार माना जा रहा है, लेकिन खाद्य नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

 

स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में खाने-पीने में विशेष सतर्कता बरतें और सब्जियों को अच्छे से धोकर पकाएं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *