CG Power Company Vacancy: छत्तीसगढ़ की तीनों बिजली कंपनियों में सरकारी नौकरी के लिए युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। 1501 पदों पर निकली भर्ती के लिए अब तक डेढ़ लाख से अधिक अभ्यर्थी आवेदन कर चुके हैं। सबसे ज्यादा प्रतिस्पर्धा डाटा एंट्री ऑपरेटर के पदों को लेकर है। इस पद की 609 रिक्तियों के लिए करीब 81 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं। (छत्तीसगढ़ बिजली विभाग भर्ती)
अभ्यर्थियों को आवेदन का एक और मौका देने के लिए पावर कंपनी प्रबंधन ने ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। पहले आवेदन की आखिरी तारीख 26 नवंबर 2026 थी, जिसे बढ़ाकर अब 3 दिसंबर 2026 कर दिया गया है। इच्छुक उम्मीदवार 3 दिसंबर की रात 11:55 बजे तक आवेदन शुल्क के साथ ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकेंगे।
1501 पदों पर भर्ती (CG Power Company Recruitment)
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी, पावर ट्रांसमिशन कंपनी और पावर जनरेशन कंपनी में भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है।
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 1501 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें द्वितीय श्रेणी के 195 पद और तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के 1306 पद शामिल हैं। अलग-अलग 38 प्रकार के पदों के लिए भर्ती की जाएगी।
डाटा एंट्री ऑपरेटर पद के लिए सबसे ज्यादा आवेदन
भर्ती में डाटा एंट्री ऑपरेटर का पद युवाओं के बीच सबसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है। 609 पदों के लिए करीब 81 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इस हिसाब से एक पद के लिए औसतन 133 से अधिक उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा।
इसके अलावा कनिष्ठ अभियंता, सहायक अभियंता सहित अन्य तकनीकी और गैर तकनीकी पदों के लिए भी बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं।
कंप्यूटर आधारित परीक्षा से होगा चयन
पावर कंपनियों में सभी पदों पर चयन प्रक्रिया कंप्यूटर आधारित परीक्षा के माध्यम से पूरी की जाएगी। परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी।
डाटा एंट्री ऑपरेटर पद के लिए मेरिट में आने वाले अभ्यर्थियों को टाइपिंग परीक्षा देनी होगी। वहीं स्टेनोग्राफर ग्रेड-3 पद के लिए दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी।
3 दिसंबर तक कर सकेंगे आवेदन (CG Bijli Vibhag Bharti)
पावर कंपनी प्रबंधन ने अभ्यर्थियों से अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को भर्ती विज्ञापन में दी गई शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य पात्रता शर्तों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।
भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी और ऑनलाइन आवेदन की सुविधा पावर कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट http://cspc.co.in पर उपलब्ध है।



