CG Atmanand School Vacancy: आत्मानंद स्कूलों में संविदा भर्ती, 97 पदों के लिए 74 अभ्यर्थियों ने दी काउंसिलिंग; 4 दिसंबर तक जॉइनिंग

CG Teacher Recruitment 2026

CG Atmanand School Vacancy: बिलासपुर जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में संविदा पदों पर भर्ती के लिए शुक्रवार को काउंसिलिंग आयोजित की गई। महारानी लक्ष्मी बाई स्कूल में हुई इस प्रक्रिया में 97 रिक्त पदों के लिए चयन सूची में शामिल 80 अभ्यर्थियों में से 74 उम्मीदवार ही शामिल हुए। चयनित अभ्यर्थियों को 4 दिसंबर तक संबंधित स्कूलों में पदभार ग्रहण करना होगा।

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से 97 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई थी। इसमें आरक्षण रोस्टर के अनुसार अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच की गई। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियुक्ति आदेश जारी करने और प्रतीक्षा सूची तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

काउंसिलिंग में पहुंचे 74 अभ्यर्थी

शुक्रवार को हुई काउंसिलिंग में जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पांडेय सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों के अनुसार कुल 81 अभ्यर्थियों में से 1 उम्मीदवार अपात्र पाया गया, जबकि 80 अभ्यर्थी पात्र मिले थे। इनमें से 74 अभ्यर्थी काउंसिलिंग में शामिल हुए।

दस्तावेज सत्यापन वाले 6 पदों पर भी लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से नियुक्ति आदेश जारी किए जाएंगे। चयनित उम्मीदवारों को 4 दिसंबर तक स्कूलों में जॉइनिंग देनी होगी। वहीं शेष 17 पदों के लिए प्रतीक्षा सूची जारी की जाएगी।

सहायक शिक्षक के सबसे अधिक पद खाली

भर्ती प्रक्रिया के तहत सबसे ज्यादा 32 पद सहायक शिक्षक के हैं। इसके अलावा प्रयोगशाला सहायक के 9 पद, शिक्षक हिंदी और अंग्रेजी के 7-7 पद रिक्त हैं।

वहीं व्याख्याता रसायन और सामाजिक विज्ञान के 4-4 पद, व्याख्याता अंग्रेजी, गणित और वाणिज्य के 3-3 पद, व्याख्याता हिंदी के 2 पद तथा व्याख्याता संस्कृत और भौतिक के 1-1 पद शामिल हैं।

इसके अलावा शिक्षक गणित और कंप्यूटर के 4-4 पद, शिक्षक विज्ञान, व्यायाम शिक्षक और ग्रंथपाल के 3-3 पद तथा प्रधान पाठक प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक के 2-2 पदों पर भर्ती की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *