CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम साफ रहने के बाद अब रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंड का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में न्यूनतम तापमान गिरकर 8.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। वहीं अगले 5 दिनों तक न्यूनतम तापमान में बड़ी गिरावट या बढ़ोतरी की संभावना नहीं जताई गई है।
छत्तीसगढ़ में बढ़ी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार, बलरामपुर-रामानुजगंज में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। इसके बाद अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री और सूरजपुर में 11.7 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं दक्षिण छत्तीसगढ़ के बस्तर और सुकमा में रात के तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आई है। सुकमा में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बलरामपुर और सुकमा के न्यूनतम तापमान में करीब 9.9 डिग्री सेल्सियस का अंतर दर्ज किया गया है। इससे साफ है कि उत्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ के मौसम में काफी अंतर बना हुआ है।
18 जिलों में 15 डिग्री से नीचे रहा तापमान
प्रदेश के कई जिलों में रात का तापमान लगातार नीचे बना हुआ है। धमतरी में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री, गरियाबंद में 12.3 डिग्री, रायगढ़ में 12.6 डिग्री और कोरबा में 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के 18 जिलों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। ठंडी हवाओं के कारण सुबह और रात के समय लोगों को ठिठुरन महसूस होने लगी है।
रायपुर में दिन का तापमान 29 डिग्री
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री कम और न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक रहा।
शुक्रवार को रायपुर में आसमान साफ रहा। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 5 दिनों तक प्रदेश के न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। हालांकि ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ता रहेगा।



