Sirpur Mahotsav 2027: सिरपुर महोत्सव में सजेगा इतिहास, संस्कृति और अध्यात्म का अनुपम संगम, 3 दिवसीय भव्य आयोजन

Sirpur

Sirpur Mahotsav 2027: छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पुरातात्त्विक धरोहर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से महासमुंद जिले की ऐतिहासिक नगरी सिरपुर में 20 से 22 फरवरी 2027 तक तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। ‘संगीति’ की अवधारणा पर आधारित इस महोत्सव में इतिहास, अध्यात्म, कला, संस्कृति और पर्यटन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न विभागों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित अंतरविभागीय बैठक में महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में सिरपुर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी धम्मशील गणवीर ने आयोजन की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की। सचिव ने सभी विभागों को समय-सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

सुरंग टीला में जीवंत होगा सिरपुर का गौरवशाली इतिहास

महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण ऐतिहासिक सुरंग टीला में शुरू होने वाला प्रकाश एवं ध्वनि कार्यक्रम होगा। इसके माध्यम से सिरपुर के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध पुरातात्त्विक विरासत और प्रसिद्ध चीनी यात्री ह्वेनसांग की यात्रा से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों को आधुनिक तकनीक के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा। महोत्सव के बाद भी इस कार्यक्रम का नियमित संचालन किया जाएगा।

स्थानीय लोक कलाकारों को मिलेगा बड़ा मंच

सिरपुर महोत्सव में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और पारंपरिक नृत्य विधाओं को विशेष स्थान दिया जाएगा। प्रदेश के 34 गांवों के पारंपरिक नृत्य दल अपनी प्रस्तुतियां देंगे। स्थानीय कलाकारों के लिए अलग मंच तैयार किया जाएगा, जबकि शास्त्रीय और लोक कलाकारों के चयन के लिए विशेषज्ञ समिति गठित की जाएगी।

प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक स्थानीय एवं क्षेत्रीय कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। इसके बाद शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक राष्ट्रीय स्तर के कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।

 

Sirpur

योग, साहसिक पर्यटन और कई आकर्षण होंगे शामिल

महोत्सव में योग, ध्यान, पतंग उत्सव, प्रदर्शनी सहित कई विशेष गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। पर्यटकों के लिए तंबू नगरी, गर्म हवा के गुब्बारे की सवारी, नौका विहार और साहसिक खेलों की भी व्यवस्था की जाएगी। पर्यटन विभाग को इन गतिविधियों के लिए आवश्यक सुरक्षा और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

ऐतिहासिक स्मारक होंगे आकर्षक रोशनी से जगमग

महोत्सव के दौरान भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण द्वारा संरक्षित ऐतिहासिक स्मारकों को आकर्षक प्रकाश व्यवस्था से सजाया जाएगा। साथ ही पूरे आयोजन का व्यावसायिक छायांकन और वीडियो दस्तावेज तैयार किया जाएगा, जिसका उपयोग सिरपुर के पर्यटन प्रचार और यूनेस्को विश्व धरोहर सूची में नामांकन से जुड़े दस्तावेजों में भी किया जा सकेगा।

सिरपुर महोत्सव पर बनेगी विशेष वृत्तचित्र फिल्म

सिरपुर महोत्सव के प्रचार-प्रसार के लिए छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल विशेष वृत्तचित्र फिल्म तैयार करेगा। इसे दिसंबर 2026 तक तैयार कर विभिन्न संचार माध्यमों और सामाजिक मंचों पर प्रसारित किया जाएगा, ताकि सिरपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान देश-विदेश तक पहुंच सके।

पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस

महोत्सव में आने वाले पर्यटकों और अतिथियों के लिए आवास, परिवहन, सुरक्षा, पार्किंग और अन्य आवश्यक सुविधाओं की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है। आयोजन स्थलों का चयन सुगम पहुंच, पर्याप्त स्थान और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखकर किया जाएगा। साथ ही आयोजन में प्रायोजन और विज्ञापन की संभावनाओं पर भी कार्य किया जाएगा, ताकि सिरपुर की विरासत को संरक्षित रखते हुए महोत्सव को और अधिक भव्य बनाया जा सके।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *