CG News: उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर बिलासपुर जिले के तखतपुर और कोटा क्षेत्र के लोगों को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। उन्होंने दोनों नगर निकायों में कुल 6.63 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इसमें नगर पालिका कोटा में 1.98 करोड़ रुपए और तखतपुर में 4.65 करोड़ रुपए के कार्य शामिल हैं।
तखतपुर में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री साव ने शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय भवन निर्माण कार्य और तखतपुर-बरेला के बीच मनियारी नदी पर उच्च स्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र में शिक्षा, आवागमन और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि जन्मदिवस के मौके पर सर्व समाज, जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने जो स्नेह और आशीर्वाद दिया है, वह उनके लिए बेहद भावुक और यादगार पल है। उन्होंने सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि तखतपुर क्षेत्र और कोटा नगर के विकास के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार लगातार विकास कार्यों को मंजूरी दी जाएगी, ताकि आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

