CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम साफ होने के साथ ही ठंड का असर तेजी से बढ़ने लगा है। बादल छंटने के बाद रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सबसे ज्यादा ठिठुरन सरगुजा संभाग में देखने को मिल रही है, जहां बलरामपुर-रामानुजगंज प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा। यहां न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सूरजपुर में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री और सरगुजा में 9.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। सूरजपुर का तापमान सामान्य से 7.1 डिग्री नीचे पहुंच गया, जबकि बालोद में सामान्य से 6.6 डिग्री और बेमेतरा में 6.5 डिग्री कम तापमान दर्ज किया गया।
13 जिलों में 15 डिग्री से कम तापमान
प्रदेश के 13 जिलों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। इनमें सरगुजा संभाग के साथ-साथ मैदानी क्षेत्रों के कई जिले भी शामिल हैं। मौसम साफ रहने के कारण रात में ठंड बढ़ रही है, जबकि दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हो रहा है।
फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है, लेकिन इसका छत्तीसगढ़ के मौसम पर कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ रहा है। मौसम विभाग ने फिलहाल किसी भी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया है।
प्रदेश के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। उत्तर छत्तीसगढ़ में जहां रात का तापमान 8.8 डिग्री तक पहुंच गया है, वहीं बस्तर संभाग के जिलों में न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
बलरामपुर-रामानुजगंज सबसे ठंडा जिला रहा, जबकि सुकमा में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया। दोनों जिलों के तापमान में 12.2 डिग्री सेल्सियस का अंतर रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को रायपुर में मौसम साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।


