CG Murder: जांजगीर जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि 51 वर्षीय शादीशुदा प्रेमी ने अपनी 45 वर्षीय प्रेमिका को दूसरे युवक के साथ देख लिया, जिसके बाद हुए विवाद में उसकी हत्या कर दी। आरोपी ने शव को गांव के पास झाड़ियों में छिपा दिया और घर लौट गया।
दो दिन तक महिला के लापता रहने के बाद जब तलाश शुरू हुई तो आरोपी ने अपने बेटे को पूरी घटना बता दी। इसके बाद उसने खुद जहर खाकर जान देने की कोशिश की। फिलहाल आरोपी का इलाज कोरबा जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बुधवार को महिला का शव बरामद कर लिया है। मामला बलौदा थाना क्षेत्र के पंतोरा चौकी इलाके का है।
गर्लफ्रेंड को दूसरे युवक के साथ देख बौखलाया
जानकारी के अनुसार, अंगारखार गांव की रहने वाली धनेश्वरी बाई (45) के पति की शादी के कुछ समय बाद ही मौत हो गई थी। वह अपने बच्चों के साथ रह रही थी। वहीं गांव का रहने वाला शिवचरण यादव (51) भी शादीशुदा है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। रविवार को शिवचरण ने धनेश्वरी को एक अन्य युवक के साथ देख लिया। इसके बाद तीनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद के दौरान महिला का दूसरा प्रेमी वहां से चला गया।
झाड़ियों में छिपाया शव
आरोप है कि इसके बाद शिवचरण ने गुस्से में धनेश्वरी की हत्या कर दी और शव को गांव के पास नल के समीप झाड़ियों में छिपाकर घर चला गया। घटना के बाद धनेश्वरी दो दिनों तक घर और गांव में दिखाई नहीं दी। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी महिला का पता नहीं चला तो गांव में बैठक बुलाई गई।
बैठक में ग्रामीणों को शिवचरण पर संदेह हुआ। उसे बुलाकर पूछताछ की गई, लेकिन उसने महिला के बारे में कोई जानकारी होने से इनकार कर दिया और वहां से चला गया।
बेटे को बताई हत्या की बात, फिर खाया जहर
पुलिस के अनुसार, घर लौटने के बाद शिवचरण ने अपने बेटे दुर्गेश यादव को बताया कि उससे गलत काम हो गया है और उसने धनेश्वरी की हत्या कर दी है।
इसके बाद वह शौच जाने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने तलाश की तो वह खेत में बेहोशी की हालत में मिला। उसने जहर खा लिया था। परिजन उसे इलाज के लिए कोरबा जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।
आरोपी की निशानदेही पर बरामद हुआ शव
जहर खाने की सूचना अस्पताल के पुलिस सहायता केंद्र से पंतोरा चौकी पुलिस को दी गई। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शिवचरण से पूछताछ की। पूछताछ में उसने महिला की हत्या कर शव को झाड़ियों में छिपाने की बात स्वीकार की।
इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बुधवार सुबह झाड़ियों से धनेश्वरी बाई का शव बरामद किया। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।





