Mahadev Betting App: महादेव सट्टा मामले में हिमांशु 28 नवंबर तक ED रिमांड पर, आधी रात सुनवाई; जज-अधिकारियों को सेट करने लिए थे 15 करोड़ !

himanshu

Mahadev Betting App: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में रायपुर की पीएमएलए स्पेशल कोर्ट ने हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को 28 नवंबर तक प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रिमांड पर भेज दिया है। हाईप्रोफाइल मामले में पहली बार रायपुर की पीएमएलए स्पेशल कोर्ट में देर रात तक सुनवाई हुई। 23 नवंबर की रात 10.45 बजे शुरू हुई सुनवाई करीब रात 1 बजे पूरी हुई। इसके बाद कोर्ट बंद हुआ।

ईडी की रिमांड अर्जी में हिमांशु पर महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटरों से 15 करोड़ रुपए लेने और बाद में हवाला के जरिए कई किस्तों में बड़ी रकम लेने का आरोप लगाया गया है। एजेंसी ने सौरभ चंद्राकर के बयान के आधार पर कई गंभीर आरोप कोर्ट के सामने रखे हैं।

देर रात तक चली सुनवाई, 28 नवंबर तक रिमांड

ईडी के अधिकारी 23 नवंबर की रात करीब 10 बजे हिमांशु शेखर को लेकर पीएमएलए स्पेशल कोर्ट पहुंचे। रात 10.45 बजे सुनवाई शुरू हुई। ईडी और बचाव पक्ष की दलीलें सुनने के बाद विशेष न्यायाधीश अमित राठौर ने हिमांशु को 28 नवंबर तक ईडी की हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

ईडी की ओर से सौरभ पांडेय ने पक्ष रखा, जबकि हिमांशु की ओर से अधिवक्ता फैजल रिजवी ने पैरवी की। सुनवाई पूरी होने तक रात के 1 बज चुके थे और तारीख 24 नवंबर हो चुकी थी।

दुबई में हुई बैठक, 15 करोड़ लेने का आरोप

ईडी के अनुसार, सौरभ चंद्राकर ने अपने बयान में बताया कि अक्टूबर 2023 की शुरुआत में मुंबई स्थित कुरैशी प्रोडक्शंस में जांच के दौरान महादेव ऑनलाइन बुक से जुड़े वसीम कुरैशी ने मदद मांगी थी। इसके बाद दुबई में महादेव बुक के प्रमोटरों की हिमांशु से मुलाकात कराई गई।

एजेंसी के मुताबिक, दुबई के जुमेराह पिंक बीच स्थित विला नंबर 45 में हुई बैठक में सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल, वसीम कुरैशी, अधिवक्ता सुमित कोचर और हिमांशु मौजूद थे।

ईडी का दावा है कि हिमांशु ने प्रमोटरों को आपराधिक मामलों में राहत दिलाने का भरोसा दिया था। इसके बदले अक्टूबर में 15 करोड़ रुपए लेने की बात कही गई।

जज और वकीलों से बात होने का दावा

ईडी ने रिमांड आवेदन में सौरभ चंद्राकर के बयान का हवाला देते हुए कहा है कि हिमांशु प्रमोटरों को भरोसा दिलाता था कि उसकी वकीलों और जजों से बात हो चुकी है। एजेंसी के मुताबिक, हिमांशु ने कुछ रकम लेने के साथ ऐसी बातें भी कहीं, जिससे प्रमोटरों को व्यवस्था होने का विश्वास हो सके।

गिरिश तलरेजा की गिरफ्तारी की सूचना पहले देने का दावा

ईडी ने रिमांड आवेदन में गिरिश तलरेजा की गिरफ्तारी से जुड़े मामले का भी उल्लेख किया है। सौरभ चंद्राकर के बयान के अनुसार, गिरिश तलरेजा ऑनलाइन सट्टा साइट से जुड़ा था और बाद में प्रमोटरों से अलग हो गया था।

ईडी का कहना है कि गिरिश के भारत आने और उसकी लोकेशन की जानकारी दुबई में मौजूद हिमांशु को दी गई थी। इसके बाद हिमांशु ने कथित तौर पर प्रमोटरों को बताया था कि गिरिश गिरफ्तार होने वाला है। उसी दिन ईडी ने गिरिश को गिरफ्तार किया था।

5 महीने तक हर महीने 60 करोड़ रुपए देने का जिक्र

ईडी ने कोर्ट में बताया कि सौरभ चंद्राकर के बयान के अनुसार दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच हिमांशु ने कई किस्तों में रकम ली। आरोप है कि उसने यह पैसा भारत में वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने की बात कही थी।

ईडी को तलाशी के दौरान कुछ हाथ से लिखे नोट मिलने का भी दावा है। इनमें मुंबई और दिल्ली में रकम भेजने, हवाला ऑपरेटरों और करोड़ों रुपए के लेनदेन से जुड़े उल्लेख मिलने की बात कही गई है।

एक नोट में 10 करोड़, 15 करोड़, 35 करोड़ और 45 करोड़ रुपए के साथ हर महीने 60 करोड़ रुपए देने का हिसाब लिखा होने का दावा किया गया है। एजेंसी इन दस्तावेजों और कथित हवाला नेटवर्क की जांच कर रही है।

मोबाइल में महादेव बुक से जुड़े वीडियो और चैट मिलने का दावा

ईडी के अनुसार, हिमांशु के मोबाइल फोन की जांच में महादेव बुक नाम से जुड़ा एक वीडियो मिला है। इसके अलावा कुछ पार्टी क्लिप और संपर्क नंबरों की जानकारी भी जांच में सामने आने की बात कही गई है।

एजेंसी का कहना है कि व्हाट्सऐप चैट में कुछ संदेश डिलीट किए गए थे, जिनकी जांच की जा रही है। साथ ही दूसरे मोबाइल फोन और डिजिटल डेटा की भी पड़ताल जारी है।

कंपनी का कारोबार बढ़ने पर भी जांच

ईडी ने हिमांशु की कंपनी यशाह मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के वित्तीय रिकॉर्ड का भी हवाला दिया है। एजेंसी के मुताबिक, कंपनी का राजस्व 2022-23 में 52.66 लाख रुपए था, जो 2023-24 में बढ़कर 15.55 करोड़ रुपए हो गया।

ईडी ने कंपनी और बैंक खातों में हुए लेनदेन की जांच शुरू की है। एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन पैसों का स्रोत क्या है।

विदेश यात्राओं की भी हो रही जांच

ईडी ने हिमांशु की विदेश यात्राओं के रिकॉर्ड को भी जांच में शामिल किया है। एजेंसी के मुताबिक, अक्टूबर 2023 से मई 2024 के बीच उसकी कई विदेश यात्राएं हुईं। इनमें दुबई की यात्राएं भी शामिल हैं। जांच एजेंसी इन यात्राओं को महादेव सट्टा मामले में हुए कथित लेनदेन से जोड़कर देख रही है।

हिमांशु ने 65 लाख रुपए को बताया पेशेवर फीस

पूछताछ में हिमांशु ने दुबई के विला नंबर 45 में बैठक होने की बात स्वीकार की है। हालांकि, उसने लेनदेन को पेशेवर फीस बताया और कहा कि उसे बैंक खाते के जरिए करीब 65 लाख रुपए मिले थे।

ईडी का कहना है कि 15 करोड़ रुपए और अन्य कथित नकद लेनदेन को लेकर अभी जांच जारी है। अब एजेंसी हिमांशु से हवाला नेटवर्क, डिजिटल रिकॉर्ड, रकम के स्रोत और अन्य सट्टा ऐप से संभावित संबंधों को लेकर पूछताछ करेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *