CG News: अंबिकापुर में 50 लाख रुपए से अधिक की सामान हेराफेरी के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज व्यापारियों ने सोमवार को मंत्री राजेश अग्रवाल से शिकायत की। अग्रसेन भवन में व्यापारियों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए जल्द गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान मंत्री ने कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह को फोन कर मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंत्री ने TI से कहा- मुझे छुड़ाने पुलिस भेजिए
व्यापारियों की शिकायत सुनने के बाद मंत्री राजेश अग्रवाल ने कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह को फोन लगाया। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि व्यापारी मुझे बंधक बनाकर बैठे हैं, मुझे छुड़ाने के लिए पुलिस भेजिए। इस पर थाना प्रभारी ने मामले में कार्रवाई के लिए दो दिन का समय मांगा।
मंत्री ने टीआई से कहा कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें इसकी जानकारी दी जाए। वहीं, इस पूरी बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
व्यापारियों ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
जानकारी के मुताबिक, अग्रसेन भवन पहुंचे व्यापारियों ने मंत्री राजेश अग्रवाल से कहा कि शिकायत के बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कई बार कार्रवाई की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
व्यापारियों ने टीआई को खर्चा-पानी के नाम पर पैसे देने का आरोप भी लगाया। उनका कहना था कि इसके बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और वे लगातार परेशान हो रहे हैं।
फर्जी सील और रसीद बनाकर सामान निकालने का आरोप
पूरा मामला अंबिकापुर के खरसिया नाका स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी से जुड़ा है। कंपनी संचालक कान्हा अग्रवाल ने करीब एक महीने पहले कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि कंपनी में छह साल से काम कर रही बिलिंग ऑपरेटर अंजुम निशा और पूर्व कर्मचारी रविंद्र यादव उर्फ विक्की ने कंपनी की फर्जी सील और नकली रसीद तैयार कर सामान की हेराफेरी की।
आरोप के मुताबिक, दोनों पिछले चार महीने से फर्जी नकदी रसीद के जरिए कंपनी से सामान निकाल रहे थे। इसके बाद पिकअप और अन्य मालवाहक वाहनों से सामान गंगापुर स्थित एक गोदाम में पहुंचाया जाता था, जहां से उसे अलग-अलग दुकानों में सप्लाई किया जा रहा था।
जांच में सामने आई 50 लाख से अधिक की हेराफेरी
कंपनी कर्मचारी सचिन टोप्पो ने 21 अक्टूबर को संचालक कान्हा अग्रवाल को फर्जी रसीद के जरिए सामान निकालने की जानकारी दी थी। इसके बाद कंपनी ने दस्तावेजों और हिसाब-किताब की जांच कराई।
जांच में सामने आया कि कंपनी से 50 लाख रुपए से अधिक के सामान की हेराफेरी की गई है। मामले में पुलिस ने अंजुम निशा, रविंद्र यादव और रूपेश यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। हालांकि एफआईआर दर्ज होने के एक महीने बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।



