Raipur Child Trafficking: रायपुर में नवजात बच्चों की कथित खरीद-फरोख्त से जुड़े अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा होने के बाद राज्य सरकार ने मामले में सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि इस प्रकरण में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित अस्पताल का लाइसेंस रद्द किया जाएगा और मामले में संलिप्त डॉक्टरों की डिग्री फ्रीज कराने की भी कार्रवाई की जाएगी।
अस्पताल का लाइसेंस होगा रद्द
स्वास्थ्य मंत्री ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त जैसे गंभीर अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि संबंधित अस्पताल का लाइसेंस निरस्त किया जाएगा और जिन डॉक्टरों की संलिप्तता सामने आएगी, उनकी डिग्री भी फ्रीज करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। मंत्री ने कहा कि दोषियों को ऐसी सजा दिलाई जाएगी, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
3 आरोपी गिरफ्तार, डॉक्टर भी शामिल
राजधानी रायपुर में सामने आए इस मामले में पुलिस ने दिवाकर मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के एक डॉक्टर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियां अंतरराज्यीय नेटवर्क और पूरे मामले की कड़ियों को खंगाल रही हैं। पुलिस अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
SIT जांच पर सरकार का बयान
मामले की एसआईटी जांच की कांग्रेस की मांग पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार इस प्रकरण की एसआईटी जांच भी कराएगी और आवश्यकता के अनुसार अन्य स्तरों पर भी जांच होगी। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि संबंधित अस्पताल का उद्घाटन पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुआ था और उस समय कांग्रेस के मंत्री एवं विधायक कार्यक्रम में शामिल हुए थे, लेकिन इसका यह अर्थ नहीं है कि कांग्रेस की कोई संलिप्तता है। उन्होंने कहा कि वह किसी पर आरोप नहीं लगा रहे हैं, लेकिन इस गंभीर मामले पर राजनीतिक बयानबाजी से बचना चाहिए और जांच को निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ने देना चाहिए।



