CG Weather Update: छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्से में ठंड का असर बढ़ने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में उत्तरी छत्तीसगढ़ के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। वहीं प्रदेश के अन्य हिस्सों में अगले पांच दिनों तक रात के तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
सोमवार को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार से अगले तीन दिनों तक भी मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि, एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है।
पेंड्रा में छाया घना कोहरा
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में मौसम साफ होने के साथ ठंड बढ़ गई है। सुबह पूरे इलाके में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। वाहन चालकों को फॉग लाइट जलाकर सफर करना पड़ा। यहां तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रायपुर में सामान्य से अधिक रहा रात का तापमान
राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक है। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 6.3 डिग्री ज्यादा रहा।
बिलासपुर में रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड हुआ। वहीं, अधिकतम तापमान भी 31.6 डिग्री सेल्सियस के साथ जगदलपुर में ही दर्ज किया गया।
जिलों में ऐसा रहा तापमान
23 नवंबर को प्रदेश के विभिन्न जिलों में न्यूनतम तापमान 16.6 से 20.5 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया। गरियाबंद में सबसे अधिक 20.5 डिग्री, रायपुर में 20.4, बालोद और बलरामपुर में 20.1, बिलासपुर में 20, कोरबा में 19.8, राजनांदगांव और सूरजपुर में 19.5, कबीरधाम में 19.3, बेमेतरा में 19, मुंगेली में 18.6, दुर्ग में 18.2, सक्ती और सरगुजा में 18, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 17.8 तथा जगदलपुर में सबसे कम 16.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
अगले 24 घंटे मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम प्रणाली नहीं है। अगले 24 घंटे तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। रायपुर में आकाश आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। यहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
कमजोर पड़ा चक्रवाती सिस्टम
बंगाल की खाड़ी से सक्रिय हुआ चक्रवाती सिस्टम अब कमजोर पड़ गया है, जिसके कारण प्रदेश में बारिश का दौर लगभग थम गया है। हालांकि वातावरण में नमी बनी रहने से कई इलाकों में सुबह के समय कोहरा देखा जा रहा है। पिछले सप्ताह हुई बारिश और बादलों के कारण दिन के तापमान में गिरावट आई थी, जबकि रात का तापमान बढ़ गया था। अब मौसम साफ होने के साथ दिन का तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगा है।




