CG News: नई दिल्ली में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। भारत मंडपम के हॉल नंबर 4 में लगाए गए छत्तीसगढ़ पवेलियन में पुरातत्व विभाग द्वारा दुर्लभ पांडुलिपियों, ताम्रपत्रों और ऐतिहासिक अभिलेखों का प्रदर्शन किया जा रहा है। आचार्य रमेंद्रनाथ मिश्र के संग्रह से जुड़ी ये धरोहरें देश-विदेश से आने वाले लोगों के लिए विशेष आकर्षण बनी हुई हैं।
भारत व्यापार संवर्धन संगठन द्वारा आयोजित इस मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन करीब 1000 वर्गमीटर क्षेत्र में तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 20 नवंबर को भारत मंडपम पहुंचकर छत्तीसगढ़ पवेलियन का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान अब बदल रही है। कभी जिन क्षेत्रों की चर्चा चुनौतियों के संदर्भ में होती थी, आज वही प्रदेश अपनी जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं, प्राकृतिक संपदा और विकास की संभावनाओं के साथ नई पहचान बना रहा है।
कल्चुरि काल की पांडुलिपियां बनी आकर्षण
छत्तीसगढ़ पवेलियन में कल्चुरि काल की कई महत्वपूर्ण धरोहरों को प्रदर्शित किया गया है। इनमें रतनपुर के कल्चुरि काल में लिखी गई औषधीय पांडुलिपियां खूब तमाशा और नासकेत प्रमुख हैं। इसके अलावा रायपुर के कल्चुरि राजवंश के अंतिम शासक अमर सिंह देव द्वारा वर्ष 1735 में जारी किया गया ताम्रपत्र भी प्रदर्शनी में रखा गया है, जो तत्कालीन राजनीतिक और प्रशासनिक व्यवस्था की जानकारी देता है।
प्रदर्शनी में गढ़ामंडल की वीरांगना रानी दुर्गावती के समय से जुड़ी स्वर्णाक्षरित दुर्लभ पांडुलिपि भी शामिल है। वहीं रामायण से संबंधित दुर्लभ पांडुलिपि और गोस्वामी तुलसीदास की शिष्य परंपरा से जुड़े सुषेनदास महाराज की पांडुलिपि भी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है।
छत्तीसगढ़ इतिहास की पहली पांडुलिपि भी प्रदर्शित
प्रदर्शनी में बाबू रेवाराम कायस्थ पंडित द्वारा वर्ष 1858 में लिखी गई तवारीख-ए-हैहैय राजाओं की पांडुलिपि भी रखी गई है। इसे छत्तीसगढ़ के इतिहास की पहली पांडुलिपि माना जाता है। इस ग्रंथ से हैहैय वंशी कलचुरी राजाओं के इतिहास और शासन व्यवस्था की महत्वपूर्ण जानकारी मिलती है।
इसके अलावा ग्वालियर के महाराजा दौलतराव सिंधिया के शासनकाल की मोड़ी लिपि में लिखी गई कर संबंधी सनद भी प्रदर्शित की गई है, जिससे उस समय की राजस्व और प्रशासनिक व्यवस्था की जानकारी मिलती है।
प्रदर्शनी में पंडित रघुवंशनाथ ठाकुर द्वारा तैयार की गई हस्तलिखित व्यय विवरणिका भी शामिल है। यह दस्तावेज प्रथम विश्वयुद्ध से पहले यानी वर्ष 1913 के आसपास छत्तीसगढ़ की आर्थिक स्थिति, वस्तुओं के मूल्य और वित्तीय व्यवस्था को समझने में मदद करता है।
यह ऐतिहासिक दस्तावेज उस समय के सामाजिक और आर्थिक जीवन की जानकारी देने वाला महत्वपूर्ण स्रोत माना जाता है।
जेल पत्रिका और चित्रित पांडुलिपियां भी प्रदर्शित
छत्तीसगढ़ पवेलियन में देश की पहली हस्तलिखित जेल पत्रिका मानी जाने वाली श्रीकृष्ण जन्मस्थान समाचार पत्र की मूल प्रति भी प्रदर्शित की गई है। इस पत्रिका का संपादन स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित सुंदरलाल शर्मा ने वर्ष 1921-22 में रायपुर जेल में रहते हुए किया था।
असहयोग आंदोलन के दौरान जेल में बंद रहते हुए उन्होंने इस सचित्र द्विमासिक पत्रिका के छह अंक तैयार किए थे। इसमें स्वतंत्रता सेनानियों और जेल की परिस्थितियों का वर्णन किया गया था।
ज्ञान भारतम मिशन के तहत संरक्षण की पहल
प्रदर्शनी के माध्यम से प्राचीन पांडुलिपियों के संरक्षण और डिजिटल संग्रहण के प्रयासों की जानकारी भी दी जा रही है। केंद्र सरकार के ज्ञान भारतम मिशन के तहत देश की प्राचीन हस्तलिखित धरोहरों की खोज, संरक्षण, सूचीकरण और डिजिटलीकरण का कार्य किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहरों के साथ पारंपरिक कला, शिल्प, स्थानीय उत्पादों और विकास की संभावनाओं को भी प्रदर्शित किया गया है। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 13 से 27 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें छत्तीसगढ़ अपनी संस्कृति और विकास की तस्वीर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत कर रहा है।




