CG School Video: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में सरकारी स्कूल के बच्चों से सफाई और दीवारों की मरम्मत कराने का मामला सामने आया है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो कोटमी सोनार के बाजार पारा स्थित शासकीय उच्चतर प्राथमिक शाला का बताया जा रहा है।
वायरल वीडियो में पहली से पांचवीं कक्षा तक के बच्चे स्कूल की कक्षाओं में झाड़ू लगाते और दीवारों में पड़ी दरारों को पलस्तर करते नजर आ रहे हैं। पढ़ाई के समय बच्चों से इस तरह का काम कराए जाने को लेकर अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन पर सवाल उठाए हैं।
बच्चों से कराया मरम्मत काम
जानकारी के मुताबिक, कोटमी सोनार स्कूल का यह वीडियो गांव के ही एक युवक ने बनाया था। वीडियो में कुछ बच्चे कक्षा की सफाई करते दिख रहे हैं, जबकि कुछ बच्चे दीवारों की दरारों में सीमेंट लगाकर उन्हें भरने का प्रयास कर रहे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया। अभिभावकों का कहना है कि छोटे बच्चों को पढ़ाई के लिए स्कूल भेजा जाता है, लेकिन उनसे सफाई और मरम्मत जैसे काम कराना गलत है।
वीडियो वायरल होने के बाद अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और स्कूल में उन्हें निर्माण कार्यों में लगाया जा रहा है। अभिभावकों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
DEO ने जांच के दिए निर्देश
जिला शिक्षा अधिकारी मनोहर प्रताप सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो के आधार पर जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्कूलों में बच्चों से किसी भी तरह का ऐसा काम नहीं कराया जाना चाहिए, जिससे उनकी शिक्षा प्रभावित हो।



