CG Bus Accident: दुर्ग जिले के पाटन में सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में तेज रफ्तार स्कूल बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पति की अस्पताल पहुंचते ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पत्नी ने रायपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दशगात्र कार्यक्रम से लौटते समय हादसा
पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर की शाम करीब 6:40 बजे द्रोणाचार्य साहू अपनी पत्नी तामेश्वरी साहू के साथ बाइक क्रमांक CG04QN7116 से ग्राम कौही में दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होकर अपने गांव भुरकुनी लौट रहे थे। पाटन के महामाया चौक से आगे अमलेश्वर रोड पर सुलभ शौचालय के पास सामने से आ रही स्कूल बस क्रमांक CG04-RC-1135 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
अस्पताल पहुंचते ही पति ने तोड़ा दम
घटना के बाद डायल 112 की मदद से दोनों घायलों को पाटन के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद द्रोणाचार्य साहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल तामेश्वरी साहू को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
बस चालक पर दर्ज हुआ मामला
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में बस चालक की लापरवाही सामने आई है। उसके खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 184 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1), 125(ए) और 281 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।


