Raipur Child Trafficking: रायपुर से 8 राज्यों में बेचे गए बच्चे; 5 लाख में बिकती थी लड़की, 12 लाख में लड़का

Child Trafficking

Raipur Child Trafficking: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त के बड़े मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि रायपुर से संचालित इस नेटवर्क के जरिए 26 नवजात बच्चों को देश के 8 राज्यों में बेचा गया। गुढ़ियारी स्थित दिवाकर अस्पताल में 26 फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाए गए और यहां 3 बच्चों की डिलीवरी कराई गई।

यह अस्पताल डॉ. खिर सिंधु महानंद का बताया जा रहा है। पुलिस ने बच्चा बेचने वाले गिरोह से जुड़े मामले में तीन महिलाओं को गिरफ्तार करने के बाद डॉ. सिंधु को भी पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, मामले में डॉक्टर, दलाल, केयर टेकर, अकाउंटेंट और अन्य लोग शामिल हैं।

Raipur Child Trafficking: रायपुर में जाति-धर्म बताकर 5-10 लाख में बेचते थे बच्चे, 3 महिलाएं अरेस्ट

रायपुर से बच्चों को छत्तीसगढ़ के अलावा बिलासपुर, बेंगलुरु, अहमदाबाद, मुंबई, नागपुर और चेन्नई सहित कई शहरों में भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा मध्यप्रदेश और राजस्थान में भी बच्चों के सौदे की बात सामने आई है।

दिवाकर अस्पताल में हुई थी डिलीवरी

पुलिस जांच के अनुसार, बच्चा बेचने वाले गिरोह ने गुढ़ियारी क्षेत्र के बसंत विहार स्थित दिवाकर अस्पताल का इस्तेमाल किया। आरोपी महिलाओं ने पीड़िता को इलाज और डिलीवरी का झांसा देकर अस्पताल में भर्ती कराया था।

बच्चे के जन्म के बाद उसके फर्जी दस्तावेज तैयार किए जाते थे। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर नवजात बच्चों को अन्य लोगों को सौंपने की तैयारी की जाती थी। पुलिस का कहना है कि गिरोह ने अस्पताल को लीज पर लेकर इस पूरे नेटवर्क को संचालित किया था।

11 महीने में 26 बच्चों की बिक्री का दावा

पुलिस के मुताबिक, रायपुर से संचालित इस नेटवर्क में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के लोग शामिल थे। जांच में सामने आया है कि साल 2026 में करीब 26 नवजात बच्चों को अलग-अलग राज्यों में बेचा गया। गिरोह में ऐसे लोग भी शामिल थे, जो नि:संतान दंपत्तियों की जानकारी जुटाते थे और फिर बच्चों की खरीद-फरोख्त का सौदा करते थे।

झगड़े के बाद हुआ गिरोह का खुलासा

इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ, जब 19 नवंबर को आजाद चौक पुलिस ने सड़क पर विवाद कर रही दो महिलाओं को पकड़ा। मौके पर मौजूद एक अन्य महिला ने बताया कि वह ओडिशा के सुंदरगढ़ की रहने वाली है।

पुलिस के अनुसार, महिलाओं के बीच बच्चे को बेचने और पैसे के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ था। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया। पूछताछ में महिलाओं ने डॉ. खिर सिंधु महानंद, प्रकाश कुमार कौरव और अश्वनी शर्मा समेत अन्य लोगों के साथ मिलकर बच्चा बेचने की बात स्वीकार की।

मुफ्त इलाज का झांसा देकर रायपुर बुलाया

पुलिस जांच में सामने आया कि सुंदरगढ़ निवासी पीड़िता को गर्भावस्था के दौरान कृतिका साहू नाम की महिला मिली थी। उसने मुफ्त इलाज और डिलीवरी कराने का भरोसा देकर उसे रायपुर बुलाया। रायपुर पहुंचने के बाद उसकी मुलाकात गीतिका और अहिल्या से कराई गई। इसके बाद उसे गोगांव स्थित अहिल्या के घर में रखा गया।

आरोप है कि आर्थिक स्थिति का फायदा उठाकर पीड़िता को बच्चे को बेचने के लिए तैयार करने की कोशिश की गई। विरोध करने पर उसे डराया-धमकाया गया।

डिलीवरी के बाद बच्चे को बेचने की कोशिश

पुलिस के मुताबिक, 4 नवंबर 2026 को डिलीवरी के बाद पीड़िता और नवजात को दोबारा अहिल्या के घर ले जाया गया। आरोप है कि वहां उसे बंधक बनाकर रखा गया और बच्चे को बेचने की तैयारी की गई। आरोपियों ने प्रसव में हुए खर्च की भरपाई बच्चे को बेचकर करने की बात कही थी। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।

लड़की को 5 लाख और लड़के को 10-12 लाख रुपए में बेचने का आरोप

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि नवजात बच्चियों को करीब 5 लाख रुपए और बच्चों को 10 से 12 लाख रुपए तक में बेचने की बात सामने आई है। जांच में यह भी सामने आया है कि बच्चों को खरीदने वाले लोग उनकी जाति और धर्म की जानकारी भी पूछते थे।

कानून के अनुसार बच्चे की खरीद-फरोख्त अपराध

भारत में बच्चों को पैसे देकर खरीदना या बेचना कानूनन अपराध है। गोद लेने की प्रक्रिया के लिए निर्धारित कानूनी नियमों का पालन करना जरूरी होता है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *