Raipur News: नई दिल्ली: 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के दौरान 20 नवंबर को भारत मंडपम में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह में प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति और जनजातीय परंपराओं की भव्य झलक देखने को मिलेगी। एम्फी थिएटर-01 में शाबजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में प्रदेश के लोक कलाकार पारंपरिक नृत्यों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेंगे।
समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इसके अलावा मंत्रीगण, सांसद, विधायक, विभिन्न आयोगों और निगम-मंडलों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में विशिष्ट अतिथि भी शामिल होंगे।
लोकनृत्यों से सजेगी सांस्कृतिक संध्या
कार्यक्रम में गौर नृत्य, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इन लोकनृत्यों के जरिए छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं, ग्रामीण जीवन और सामाजिक आस्था की झलक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचेगी। पारंपरिक वेशभूषा, लोक वाद्ययंत्रों और मधुर संगीत के साथ कलाकार प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेंगे।
लोक संस्कृति की विविधता होगी प्रदर्शित
गौर नृत्य बस्तर की जनजातीय संस्कृति और प्रकृति से जुड़ी परंपराओं का प्रतीक माना जाता है। गौरा-गौरी और भोजली लोक आस्था और पारंपरिक उत्सवों से जुड़े नृत्य हैं। राउत नाचा यादव समाज की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाता है, जबकि सुआ नृत्य महिलाओं की सामूहिक लोक अभिव्यक्ति का प्रतीक है। पंथी नृत्य सतनाम पंथ की आध्यात्मिक परंपरा और करमा नृत्य जनजातीय समाज के सामूहिक उत्साह और प्रकृति प्रेम को दर्शाता है।
छत्तीसगढ़ पवेलियन बना आकर्षण का केंद्र
भारत मंडपम में स्थापित छत्तीसगढ़ पवेलियन भी आगंतुकों के बीच खास आकर्षण बना हुआ है। यहां बस्तर की बेलमेटल कला, जनजातीय आभूषण, पारंपरिक हस्तशिल्प, चांपा की कोसा सिल्क, हथकरघा उत्पाद और वनोपज से तैयार हर्बल उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। इसके साथ ही कोदो, कुटकी और रागी जैसे मिलेट उत्पाद प्रदेश की कृषि और वन संपदा की पहचान प्रस्तुत कर रहे हैं।
आगंतुक चित्रकोट जलप्रपात का वर्चुअल अनुभव भी ले रहे हैं, वहीं स्थानीय स्टार्टअप और उद्यमियों के नवाचार छत्तीसगढ़ में बढ़ती उद्यमिता और स्वरोजगार की संभावनाओं को प्रदर्शित कर रहे हैं।

