CG NHM Recruitment: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में NHM {राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) की संविदा भर्ती प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद प्रशासन ने पूरी भर्ती प्रक्रिया निरस्त कर दी है। जांच में उत्तर पुस्तिकाओं में ओवरराइटिंग, निर्धारित 20 अंकों की परीक्षा में 22 प्रश्नों का मूल्यांकन, चयन समिति की प्रक्रिया में गड़बड़ी और कलेक्टर की मंजूरी के बिना नियुक्ति आदेश जारी किए जाने जैसे कई गंभीर मामले उजागर हुए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर 14 श्रेणियों के 18 पदों की भर्ती, चयन सूची, प्रतीक्षा सूची और जारी नियुक्ति आदेश रद्द कर दिए गए हैं।
कॉपियों की जांच में मिली गंभीर गड़बड़ी
जांच समिति की रिपोर्ट के अनुसार कई अभ्यर्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं का पहले पेंसिल से मूल्यांकन किया गया और बाद में पेन से अंक बदलकर ओवरराइटिंग की गई। कई कॉपियों पर मूल्यांकनकर्ताओं के हस्ताक्षर भी नहीं मिले। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि 20 अंकों के निर्धारित मूल्यांकन के बजाय 22 प्रश्नों की जांच कर अंक दिए गए। जांच में अपात्र अभ्यर्थियों को मेरिट सूची में शामिल करने के भी प्रमाण मिले हैं।
चयन समिति की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
जांच में 4 अगस्त और 9 सितंबर 2026 को हुई चयन समिति की बैठकों पर भी सवाल खड़े हुए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक इन बैठकों में कलेक्टर प्रतिनिधि सहित कुछ जरूरी सदस्य मौजूद नहीं थे, लेकिन कार्यवाही विवरण में उनके हस्ताक्षर दर्ज पाए गए। चयन समिति के गठन का विधिवत आदेश भी रिकॉर्ड में उपलब्ध नहीं मिला। इसके अलावा अंतिम चयन सूची जारी करने और नियुक्ति आदेश देने से पहले कलेक्टर की स्वीकृति भी नहीं ली गई।
बिना मंजूरी जारी कर दिए नियुक्ति पत्र
जांच में सामने आया कि 11 सितंबर 2026 को अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी कर दिए गए, जबकि आवश्यक प्रशासनिक अनुमोदन पूरा नहीं हुआ था। डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (डेटा) और जूनियर सेक्रेटेरियल असिस्टेंट जैसे पदों पर विज्ञापन में निर्धारित योग्यता से अलग पात्रता रखने वाले अभ्यर्थियों को भी चयन प्रक्रिया में शामिल किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद कलेक्टर ने 14 नवंबर 2026 को पूरी भर्ती प्रक्रिया निरस्त करने का आदेश जारी किया।
धमतरी के पुराने भर्ती विवाद की भी हुई चर्चा
इस मामले के सामने आने के बाद वर्ष 2025 में धमतरी में सामने आए मधु तिवारी प्रकरण की भी चर्चा तेज हो गई है। उस मामले में आरोप लगाया गया था कि भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के लिए एक संविदा कर्मचारी को जिम्मेदार ठहराया गया, जबकि चयन समिति और वरिष्ठ अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच नहीं हुई। मीडिया रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया था कि तत्कालीन अधिकारियों के बयान लिए बिना जांच पूरी कर कार्रवाई की गई थी।
विधानसभा में उठे सवाल के बाद बढ़ी हलचल
धमतरी विधायक ओमकार साहू ने विधानसभा में भर्ती प्रक्रिया और कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर प्रश्न लगाया था। रिपोर्टों के अनुसार, विधानसभा में मामला उठने से पहले संबंधित कर्मचारी की सेवा समाप्ति का आदेश जारी किया गया था। इसके बाद भर्ती प्रक्रिया में वरिष्ठ अधिकारियों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठे और निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई।


