CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में ‘अकवान’ तूफान से बदलेगा मौसम, 2 दिन भारी बारिश का अलर्ट  

CG Weather Update

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में जल्द ही मौसम करवट लेने वाला है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हो रहा चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ प्रदेश के मौसम को प्रभावित करेगा। मौसम विभाग ने 20 और 21 नवंबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं प्रदेश में ठंड भी लगातार बढ़ रही है और 17 जिलों का न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है।

चक्रवाती तूफान का बढ़ रहा असर

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्व और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव का क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके 17 नवंबर की शाम तक चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ में बदलने की संभावना है। इसके बाद यह और मजबूत होकर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ेगा और 20 नवंबर की दोपहर तक आंध्र प्रदेश और यनम तट के आसपास पहुंच सकता है।

तूफान के दौरान 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। वहीं हवा के तेज झोंके 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।

बस्तर संभाग में बारिश के आसार

चक्रवात के प्रभाव से दक्षिण छत्तीसगढ़, विशेषकर बस्तर संभाग के जिलों में 20 और 21 नवंबर को भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यक सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

CG Weather Update

17 जिलों में बढ़ी ठंड

प्रदेश में ठंड का असर भी लगातार बढ़ रहा है। सरगुजा सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बलरामपुर में 13.3 डिग्री और बस्तर में 14.9 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर का न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के 17 जिलों में न्यूनतम तापमान 13 से 18.3 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

चक्रवाती तूफान के संभावित असर के बावजूद फिलहाल प्रदेश का मौसम शुष्क बना हुआ है। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ।

रायपुर में ऐसा रहेगा मौसम

राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक-दो दिन तक आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। इसके बाद चक्रवात के प्रभाव से मौसम में बदलाव और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बन सकती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *