CG Electricity Employees: खुशखबरी… बिजली कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना को मंजूरी, जल्द घोषित होगी तारीख !

bijli pension

CG Electricity Employees: छत्तीसगढ़ के बिजली कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू करने को राज्य शासन ने मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री के विशेष सचिव और विद्युत कंपनी के चेयरमैन सुबोध सिंह ने रायपुर में कर्मचारी महासंघ के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई बैठक में इसकी जानकारी दी। हालांकि योजना किस तारीख से लागू होगी, इसका निर्णय बाद में लिया जाएगा।

भारतीय मजदूर संघ से जुड़े छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ-महासंघ लंबे समय से पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग कर रहा था। शुक्रवार को हुई द्विपक्षीय वार्ता में इस मांग पर सहमति बनी। सुबोध सिंह ने बताया कि योजना लागू करने के लिए राज्य शासन के ऊर्जा और वित्त विभाग से मंजूरी मिल चुकी है।

समानांतर बिजली लाइसेंस नहीं देने का फैसला

बैठक में बिजली कंपनी में किसी भी तरह का समानांतर लाइसेंस नहीं देने का फैसला लिया गया। सुबोध सिंह ने कर्मचारियों से इस मुद्दे को लेकर किसी भी तरह के भ्रम या गलत जानकारी से बचने की अपील की।

विभागीय कोटे से भर्ती की प्रक्रिया शुरू होगी

महासंघ की ओर से विभागीय कोटे में भर्ती शुरू करने की मांग भी रखी गई। इस पर चेयरमैन ने संबंधित अधिकारियों को तय विभागीय कोटे के अनुसार भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।

संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण पर जांच के बाद निर्णय

संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग पर सुबोध सिंह ने कहा कि यह प्रदेश स्तर का विषय है। मध्यप्रदेश सरकार की ओर से पारित संशोधन विधेयक की जांच के बाद छत्तीसगढ़ में इसे लागू करने पर विचार किया जाएगा।

महंगाई भत्ते पर जल्द आदेश का आश्वासन

बैठक में बिजली कर्मचारियों को केंद्र के समान महंगाई भत्ता देने की मांग भी रखी गई। इस पर चेयरमैन ने लंबित महंगाई भत्ता और महंगाई राहत के संबंध में जल्द आदेश जारी करने का आश्वासन दिया। इसके अलावा कर्मचारियों की अन्य लंबित मांगों और समस्याओं पर भी चर्चा हुई।

बैठक में अखिल भारतीय मंत्री एवं विद्युत प्रभारी राधेश्याम जायसवाल, महासंघ अध्यक्ष संजय तिवारी, कार्यकारी अध्यक्ष तेज प्रताप सिन्हा, महामंत्री नवरतन बरेठ और कोषाध्यक्ष कोमल देवांगन सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *