Railway Charging Point Rule: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (बिलासपुर जोन) ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों में चार्जिंग पॉइंट को लेकर नया नियम लागू किया है। अब ट्रेनों के कोच में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक चार्जिंग पॉइंट की बिजली बंद रहेगी।
इस दौरान यात्री मोबाइल, लैपटॉप और पावर बैंक जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चार्ज नहीं कर सकेंगे। रात के समय सफर करने वाले यात्रियों को इससे परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले अपने जरूरी उपकरण पूरी तरह चार्ज कर लें।
शॉर्ट सर्किट और आग लगने का खतरा
रेलवे प्रशासन के अनुसार, कई यात्री रात में सोते समय मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चार्जिंग पर लगाकर छोड़ देते हैं। इससे ओवरचार्जिंग, शॉर्ट सर्किट और आग लगने जैसी घटनाओं का खतरा बना रहता है।
चलती ट्रेन में ऐसी घटनाओं से यात्रियों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। इसी को देखते हुए रात के समय चार्जिंग पॉइंट की बिजली बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
रात में ज्यादा यात्री करते हैं मोबाइल चार्ज
लंबी दूरी की ट्रेनों में सफर करने वाले अधिकतर यात्री रात के समय मोबाइल चार्ज करते हैं। दिनभर मोबाइल इस्तेमाल करने के बाद यात्री सोते समय फोन चार्जिंग पर लगा देते हैं। ऐसे में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक चार्जिंग सुविधा बंद रहने से यात्रियों को असुविधा हो सकती है।
रेलवे ने यात्रियों से की अपील
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले मोबाइल, लैपटॉप और अन्य जरूरी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को चार्ज कर लें। साथ ही रात 11 बजे से पहले ही मोबाइल चार्ज कर लें, ताकि सफर के दौरान किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।


