CG News: किसानों के लिए खुशखबरी.. इस योजना के तहत में प्रति एकड़ मिलेंगे 13,839 रुपए, बैंक खाते में आएगी राशि

CG News: कांकेर: छत्तीसगढ़ शासन ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए कृषक उन्नति योजना के तहत धान उत्पादक किसानों को बड़ी राहत दी है। योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपए की आदान सहायता राशि दी जाएगी। यह राशि किसानों के बैंक खातों में सीधे जमा की जाएगी। योजना का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना, कृषि लागत को कम करना और किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है।

इन किसानों को मिलेगा योजना का लाभ

कृषक उन्नति योजना का लाभ उन किसानों को मिलेगा, जिन्होंने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान बेचने के लिए पंजीयन कराया है। इसके साथ ही किसान का एग्रीस्टैक में पंजीयन होना और बोए गए धान के रकबे का डिजिटल क्रॉप सर्वे पूरा होना जरूरी है।

धान बीज उत्पादन से जुड़े किसान भी इस योजना के लिए पात्र होंगे। हालांकि, पंजीकृत ट्रस्ट, मंडल, निजी कंपनी और शाला विकास समिति जैसी संस्थाओं को योजना का लाभ नहीं मिलेगा।

डिजिटल क्रॉप सर्वे के आधार पर मिलेगी राशि

योजना के तहत किसानों को डिजिटल क्रॉप सर्वे में सत्यापित धान के रकबे के आधार पर सहायता राशि दी जाएगी। किसान द्वारा धान की पूरी निर्धारित मात्रा बेचना अनिवार्य नहीं होगा। कम मात्रा में धान बेचने पर भी सत्यापित रकबे के अनुसार सहायता राशि मिलने की पात्रता रहेगी।

उदाहरण के तौर पर यदि किसी किसान ने 2.5 एकड़ में धान की खेती की है और पूरे रकबे का डिजिटल क्रॉप सर्वे हो चुका है, तो उसे 13,839 रुपए प्रति एकड़ की दर से कुल 34,597.50 रुपए की सहायता राशि मिलेगी।

धार लिंक बैंक खाते में होगी राशि जमा

कृषक उन्नति योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को एग्रीस्टैक में पंजीयन कराना जरूरी है। धान बिक्री के लिए टोकन जारी कराते समय योजना के तहत सहायता राशि प्राप्त करने के लिए निर्धारित प्रारूप में आवेदन भी करना होगा।

जिन क्षेत्रों में डिजिटल क्रॉप सर्वे का डाटा उपलब्ध नहीं है, वहां कलेक्टर की अनुमति से गिरदावरी के आधार पर सत्यापित रकबे के अनुसार सहायता राशि दी जा सकेगी। राशि का भुगतान किसानों के आधार लिंक बैंक खाते में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से किया जाएगा।

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे समय पर एग्रीस्टैक में पंजीयन कराएं और धान बिक्री के दौरान निर्धारित आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। किसान ध्यान रखें कि योजना का लाभ लेने के लिए धान की पूरी मात्रा बेचना जरूरी नहीं है, बल्कि डिजिटल क्रॉप सर्वे में सत्यापित रकबे के आधार पर सहायता राशि मिलेगी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *