CG Weather Update: गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार, 3 दिन बाद बढ़ेगी गर्मी

CG Weather Update

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज इन दिनों बदला हुआ है। गर्मी के बीच हो रही हल्की बारिश से लोगों को राहत जरूर मिल रही है, लेकिन यह राहत ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार आज भी प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में उत्तर छत्तीसगढ़ के अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है, जबकि मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ। वहीं आने वाले 3 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने के संकेत हैं। 9 अप्रैल के बाद प्रदेश में मेघगर्जन की गतिविधियों में कमी आने की संभावना जताई गई है।

मौसम सारांश के अनुसार, प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 38.5°C राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.5°C अंबिकापुर में दर्ज हुआ। मनोरा, कांसाबेल और जशपुरनगर में 1-1 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

सिनोप्टिक सिस्टम की बात करें तो छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका छत्तीसगढ़ से होते हुए तेलंगाना, रायलसीमा और तमिलनाडु के आंतरिक भाग से मन्नार की खाड़ी तक फैली हुई है।

CG Weather Update

आज प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं अगले दो दिनों के बाद मौसम शुष्क होने की संभावना है, जिससे गर्मी में इजाफा होगा।

रायपुर में आज का मौसम

रायपुर में आज आसमान साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 38°C और न्यूनतम तापमान 24°C के आसपास रह सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *