Swachh Survekshan 2025-26: स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ का दबदबा, बिल्हा देश में नंबर-1, रायपुर और बिलासपुर को भी मिला सम्मान

Swachh Survekshan 2025-26: स्वच्छता और बेहतर नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है।

Swachh Survekshan 2025-26: स्वच्छता और बेहतर नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है।

इसमें बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में पहला स्थान हासिल कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। वहीं, बिलासपुर नगर पालिक निगम को स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान मिला है। रायपुर नगर पालिक निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में राज्य में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव, विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा और संबंधित नगरीय निकायों के महापौर एवं आयुक्तों ने पुरस्कार ग्रहण किया।

कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने दी बधाई

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों, नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ को मिला यह सम्मान प्रदेश के शहरों में हो रहे बदलाव और स्वच्छता के प्रति लोगों की भागीदारी को दर्शाता है। बिल्हा जैसे छोटे नगर का देश में पहला स्थान हासिल करना और बिलासपुर का स्वच्छ नदी तटवर्तीय श्रेणी में दूसरा स्थान प्राप्त करना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल रैंकिंग में आगे बढ़ना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था बनाना है जिसमें स्वच्छता हर नागरिक की आदत और शहरों की पहचान बने।

सामूहिक प्रयासों का परिणाम – अरुण साव

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों को सम्मान मिलना प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है। यह सम्मान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छता कर्मियों और नागरिकों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि बिल्हा का देश में प्रथम स्थान हासिल करना यह साबित करता है कि छोटे नगरीय निकाय भी बेहतर प्रबंधन, स्वच्छता और जनभागीदारी के जरिए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकते हैं।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *