Govardhan Puja 2026: दीपावली के अगले दिन गोवर्धन पूजा का पर्व मनाया जाता है। यह त्योहार भगवान श्रीकृष्ण के प्रति आस्था और प्रकृति के सम्मान का प्रतीक माना जाता है। इस दिन घरों में गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाई जाती है और भगवान श्रीकृष्ण, गोवर्धन पर्वत तथा गायों की पूजा की जाती है। श्रद्धालु अन्नकूट तैयार कर भगवान को भोग लगाते हैं।
गोवर्धन पूजा पर 7 परिक्रमा का महत्व
गोवर्धन पूजा के दिन घर के आंगन में गोबर से बनाए गए गोवर्धन पर्वत की 7 परिक्रमा करने की परंपरा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, यह 7 परिक्रमा भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत को 7 दिनों तक अपनी छोटी उंगली पर उठाने की घटना का प्रतीक मानी जाती है।
कहा जाता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को देवराज इंद्र के प्रकोप से बचाने के लिए लगातार 7 दिनों तक गोवर्धन पर्वत को उठाए रखा था। इसी कारण गोवर्धन पूजा में 7 परिक्रमा का विशेष महत्व बताया गया है।
वैदिक पंचांग के अनुसार, वर्ष 2026 में गोवर्धन पूजा 10 नवंबर मंगलवार को मनाई जाएगी। इस दिन भक्त गोवर्धन पर्वत की पूजा करने के साथ उसकी परिक्रमा भी करते हैं। धार्मिक मान्यता है कि गोवर्धन पूजा और परिक्रमा करने से सुख-समृद्धि बढ़ती है और जीवन की परेशानियां दूर होती हैं।
गोवर्धन पूजा 2026 की तारीख
पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 9 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजकर 31 मिनट से शुरू होगी और 10 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे तक रहेगी। उदया तिथि के आधार पर गोवर्धन पूजा 10 नवंबर मंगलवार को मनाई जाएगी।
गोवर्धन पूजा शुभ मुहूर्त
- गोवर्धन पूजा की तारीख – 10 नवंबर 2026, मंगलवार
- प्रतिपदा तिथि प्रारंभ – 9 नवंबर 2026, दोपहर 12:31 बजे
- प्रतिपदा तिथि समाप्त – 10 नवंबर 2026, दोपहर 2:00 बजे
- प्रातःकाल पूजा मुहूर्त – सुबह 6:40 बजे से 8:50 बजे तक
- अभिजीत मुहूर्त – सुबह 11:43 बजे से दोपहर 12:26 बजे तक
- गोधूलि मुहूर्त – शाम 5:30 बजे से 5:56 बजे तक
(नोट- ध्यान रखें कि पूजा के मुहूर्त में स्थानीय सूर्योदय और पंचांग के मुताबिक, अंतर हो सकता है। इसलिए अपने शहर के समय के मुताबिक पूजा करें।)
क्यों मनाई जाती है गोवर्धन पूजा?
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, द्वापर युग में ब्रजवासी अच्छी बारिश और अच्छी फसल के लिए देवराज इंद्र की पूजा करते थे। भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें बताया कि जीवन और आजीविका के लिए गोवर्धन पर्वत, प्रकृति और गायों का योगदान सबसे महत्वपूर्ण है।
इसके बाद ब्रजवासियों ने इंद्र की जगह गोवर्धन पर्वत की पूजा शुरू कर दी। इससे नाराज होकर इंद्र देव ने भारी बारिश शुरू कर दी। ब्रजवासियों की रक्षा के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठा लिया और सभी लोगों व पशुओं को उसके नीचे आश्रय दिया।
सात दिनों तक बारिश होने के बाद इंद्र देव को अपनी गलती का अहसास हुआ और उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से क्षमा मांगी। इसी घटना की याद में हर साल गोवर्धन पूजा मनाई जाती है।
गोवर्धन पूजा की विधि
गोवर्धन पूजा के दिन सुबह स्नान कर साफ कपड़े पहनने चाहिए। इसके बाद घर के आंगन या पूजा स्थल पर गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर उसे फूल, रोली और अक्षत से सजाया जाता है।
इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित कर दीपक जलाएं। भगवान को फल, फूल, मिठाई और पकवानों का भोग लगाकर विधि-विधान से पूजा करें। पूजा के बाद गोवर्धन पर्वत की 7 बार परिक्रमा करने की परंपरा है।
अन्नकूट पर्व का महत्व
गोवर्धन पूजा के दिन अन्नकूट बनाने की परंपरा भी है। इसमें कई तरह के अनाज, सब्जियां और पकवान मिलाकर भगवान श्रीकृष्ण को भोग लगाया जाता है। कई मंदिरों में इस दिन भगवान को 56 भोग भी अर्पित किए जाते हैं। मान्यता है कि अन्नकूट का प्रसाद ग्रहण करने से घर में सुख-समृद्धि आती है और जीवन में अन्न-धन की कमी नहीं होती।




