Ramayan Movie: रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘रामायण’ ने रिलीज के पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है। फिल्म ने पहले दिन 64.85 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया, जिससे यह साल 2026 की दूसरी सबसे बड़ी हिंदी ओपनिंग फिल्म बन गई है। हालांकि, प्रभास की फिल्म ‘आदिपुरुष’ के पहले दिन के रिकॉर्ड को यह पीछे नहीं छोड़ सकी।
सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने सभी भाषाओं में मिलाकर 77.50 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन किया है। वहीं, ओवरसीज मार्केट से 20 से 40 करोड़ रुपए की कमाई की उम्मीद जताई जा रही है। ऐसे में फिल्म का पहले दिन का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 100 करोड़ रुपए के पार पहुंच सकता है।
हिंदी वर्जन ने दिलाई सबसे बड़ी बढ़त
देशभर में ‘रामायण’ को करीब 25,200 शो में रिलीज किया गया। इनमें हिंदी भाषा के 20,678 शो शामिल रहे। हिंदी वर्जन ने सबसे ज्यादा 47.50 करोड़ रुपए का नेट कारोबार किया।
इसके अलावा कन्नड़ भाषा में 7.25 करोड़ रुपए, तेलुगु में 6 करोड़ रुपए, तमिल में 2.60 करोड़ रुपए और मलयालम वर्जन में 1.50 करोड़ रुपए का कलेक्शन दर्ज किया गया।
पठान और एनिमल से आगे, आदिपुरुष से पीछे
पहले दिन की कमाई के मामले में ‘रामायण’ ने शाहरुख खान की ‘पठान’ और रणबीर कपूर की ‘एनिमल’ को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि, 2026 की सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के 102.55 करोड़ रुपए के रिकॉर्ड तक नहीं पहुंच सकी।
साल 2023 में रिलीज हुई प्रभास की ‘आदिपुरुष’ ने पहले दिन 86.75 करोड़ रुपए का कारोबार किया था, जो अब भी इस मामले में आगे है।
पहले दिन कमाई पर इन वजहों का पड़ा असर
ट्रेड एक्सपर्ट्स के मुताबिक, गुरुवार को रिलीज होने, दिवाली की तैयारियों और यात्रा के कारण कई दर्शक पहले दिन सिनेमाघरों तक नहीं पहुंच सके। इसके अलावा प्रीमियम टिकटों की ऊंची कीमतें, सीमित प्रचार और ‘आदिपुरुष’ के अनुभव के बाद दर्शकों का सतर्क रुख भी पहले दिन के कलेक्शन पर असर डालता नजर आया।
वीएफएक्स और कलाकारों के अभिनय की हो रही तारीफ
फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स (वीएफएक्स) की दर्शक और समीक्षक जमकर सराहना कर रहे हैं। भगवान राम के किरदार में रणबीर कपूर और रावण की भूमिका में यश के अभिनय को भी काफी पसंद किया जा रहा है। माता सीता के रूप में साई पल्लवी और लक्ष्मण के किरदार में रवि दुबे भी अहम भूमिका में नजर आए हैं।
भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल
रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘रामायण’ भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े प्रोजेक्ट्स में से एक है। इसके दोनों भागों का कुल बजट करीब 4,000 करोड़ रुपए बताया जा रहा है।


