CG News: बालोद जिले के गृह ग्राम भेंड्रा में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में दिवंगत विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया।
श्रद्धांजलि सभा में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, विधायक ललित चंद्राकर, सतनामी समाज की गुरु दीदी प्रियंका, पूर्व विधायक सांवलाराम डाहरे सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए।
जनप्रतिनिधियों ने दिवंगत विधायक के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन समाज और जनजीवन के लिए अपूरणीय क्षति है।
जनसेवा के प्रति समर्पण को किया याद
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित उपस्थित लोगों ने कहा कि डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने सार्वजनिक जीवन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। लोगों से उनका आत्मीय जुड़ाव, सरल व्यवहार और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हमेशा याद की जाएगी।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति मिलने की कामना की।
श्रद्धांजलि सभा में जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, नगर पालिका दल्लीराजहरा अध्यक्ष तोरन लाल साहू, नगर पंचायत गुंडरदेही अध्यक्ष प्रमोद जैन, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।




