Raipur Protest: रायपुर में सहायक शिक्षक के 2,300 पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर गुरुवार सुबह 400 से अधिक डीएड अभ्यर्थियों ने स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले का घेराव किया। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपने परिवार के सदस्यों के साथ मंत्री निवास के बाहर धरने पर बैठ गए।
अभ्यर्थियों का कहना था कि जब तक नियुक्ति की तारीख घोषित नहीं की जाती, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। लंबे समय से मांग पूरी नहीं होने से नाराज अभ्यर्थी सुबह तड़के ही मंत्री के बंगले पहुंच गए थे।
321 दिनों से जारी है आंदोलन
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने बताया कि उनका आंदोलन पिछले 321 दिनों से लगातार जारी है। इससे पहले वे नवा रायपुर के तूता धरना स्थल पर अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे। अब सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए उन्होंने मंत्री निवास के बाहर प्रदर्शन करने का फैसला लिया।
परिवार के साथ पहुंचे अभ्यर्थी
धरने में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष अभ्यर्थियों के साथ उनके परिजन भी शामिल हुए। सभी ने सहायक शिक्षक के 2,300 पदों पर जल्द नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने और स्पष्ट तारीख घोषित करने की मांग की।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाया
धरने के दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। बाद में अभ्यर्थियों को बसों में बैठाकर वहां से हटाया गया। इस दौरान मंत्री बंगले के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई।


