CG Weather Update: छत्तीसगढ़ के 8 जिलों में बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट, 24 घंटे बाद बढ़ेगी ठंड

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का असर अभी भी बना हुआ है। मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 8 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार धमतरी, गरियाबंद, बस्तर, कोंडागांव, नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है। दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

24 घंटे बाद गिरेगा रात का तापमान

मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे के बाद प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके चलते रात और सुबह के समय ठंड का असर बढ़ने की संभावना है।

CG Weather Update

दक्षिण छत्तीसगढ़ में हुई अच्छी बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हुई। सबसे अधिक 80 मिमी बारिश पखांजूर में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा सुकमा में 7 सेंटीमीटर और कोंटा में 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

कम दबाव के क्षेत्र का बना हुआ है असर

मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी तेलंगाना और उससे लगे तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अभी भी सक्रिय है। यह चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का अवशेष है, जो उत्तर दिशा की ओर बढ़ते हुए धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है। इसी सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं।

रायपुर में बादल छाए रहने के आसार

राजधानी रायपुर में गुरुवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

बुधवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5.5 डिग्री अधिक था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *