CBSE New Curriculum: 10वीं से हटेगा एनवायरमेंटल एजुकेशन, 9वीं में कम होंगे 3 विषय; ऑप्शनल सब्जेक्ट के लिए 57 विषयों की सूची जारी

CBSE

CBSE New Curriculum: सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) ने 29 अक्टूबर को नया सर्कुलर जारी किया है। इसमें कक्षा 9वीं और 10वीं के छात्रों के लिए पढ़ाई की नई योजना और विषयों में बदलाव की जानकारी दी गई है।

CBSE के नए बदलाव के अनुसार, अब कक्षा 10वीं में एनवायरमेंटल एजुकेशन विषय नहीं पढ़ाया जाएगा। इसके अलावा कक्षा 9वीं में इंडिविजुअल्स इन सोसाइटी, कंप्यूटेशनल थिंकिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के मॉड्यूल भी नए बैच के सिलेबस में शामिल नहीं होंगे।

यह बदलाव उन छात्रों पर लागू होगा, जो इस साल कक्षा 9वीं में हैं और अगले साल कक्षा 10वीं में जाएंगे। वहीं, जो छात्र पहले से कक्षा 10वीं में पढ़ रहे हैं, उनकी पढ़ाई पुराने सिलेबस के अनुसार ही जारी रहेगी।

नई योजना में छात्रों को कुल 9 अनिवार्य विषय पढ़ने होंगे। इसमें वोकेशनल एजुकेशन को भी जरूरी किया गया है। बोर्ड ने यह बदलाव छात्रों पर विषयों के अतिरिक्त बोझ को कम करने और उन्हें प्रैक्टिकल व प्रोफेशनल स्किल्स से जोड़ने के उद्देश्य से किया है।

 

CBSE

हर मुख्य विषय में 33 प्रतिशत अंक जरूरी

कक्षा 10वीं में पास होने के लिए छात्रों को दोनों मुख्य भाषाओं, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान में अलग-अलग 33 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे। इसमें लिखित परीक्षा और आंतरिक मूल्यांकन के अंक शामिल होंगे। अगर कोई छात्र गणित, विज्ञान या सामाजिक विज्ञान में से किसी एक विषय में असफल होता है और उसने कौशल विषय की बोर्ड परीक्षा पास की है, तो कौशल विषय के अंकों से उस विषय को बदला जा सकेगा।

ऑप्शनल विषय के लिए 57 विषयों की सूची जारी

CBSE ने कक्षा 9वीं और आगामी 2028 की कक्षा 10वीं के छात्रों के लिए एक वैकल्पिक विषय चुनने का विकल्प दिया है। इसके लिए बोर्ड ने 57 विषयों की सूची जारी की है। छात्र अपनी रुचि के अनुसार भाषा, कंप्यूटर एप्लीकेशन, गृह विज्ञान, चित्रकला, संगीत और व्यवसाय से जुड़े विषयों में से कोई एक विषय चुन सकते हैं।

विशेष शिक्षा वाले छात्रों को अतिरिक्त विषय चुनने की सुविधा

आंतरिक मूल्यांकन वाले विषयों में 33 से 40 अंक पाने वाले छात्रों को डी ग्रेड और 33 से कम अंक मिलने पर ई ग्रेड दिया जाएगा। डी या उससे ऊपर ग्रेड पाने वाले छात्रों को स्कूल की ओर से प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा।

विशेष शिक्षा वाले छात्रों को एक अनिवार्य भाषा के साथ चार अन्य विषय चुनने की सुविधा दी गई है। कक्षा 9वीं में कला शिक्षा और शारीरिक शिक्षा के लिए स्कूल अंक की जगह ग्रेड जारी करेंगे। डी ग्रेड या उससे अधिक पाने वाले छात्रों को प्रमाण पत्र मिलेगा।

एडवांस स्तर के विषय चुनने का विकल्प

नए सर्कुलर के अनुसार, कक्षा 9वीं के छात्रों को अब मुख्य विषयों में एडवांस स्तर की गणित और विज्ञान चुनने का विकल्प भी मिलेगा। जो छात्र आगे चलकर इंजीनियरिंग या वैज्ञानिक शोध के क्षेत्र में जाना चाहते हैं, वे इन विषयों के माध्यम से अपनी तैयारी मजबूत कर सकते हैं।

कौशल शिक्षा में नए विकल्प शामिल

CBSE ने कौशल शिक्षा के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डाटा साइंस, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड हार्डवेयर और डिजाइन थिंकिंग एंड इनोवेशन जैसे नए विकल्प भी शामिल किए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *