Raipur Hockey League: बारिश से प्रभावित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के मुकाबले में बैलाडिला बुल्स ने राजधानी रॉयल्स को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। चिंगलेनसाना सिंह की टीम की इस जीत के बाद सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें बनी हुई हैं। वहीं, राजधानी रॉयल्स बिना कोई मुकाबला जीते टूर्नामेंट से बाहर हो गई है।
बारिश के कारण मैच करीब एक घंटे की देरी से शुरू हुआ। पहली जीत की तलाश में उतरी बैलाडिला बुल्स ने शुरुआत से ही आक्रमण किया और जल्द ही बढ़त बना ली। सर्कल में मिले मौके को राहुल यादव ने शानदार शॉट के जरिए गोल में बदल दिया। पूरे मुकाबले में कई प्रयास हुए, लेकिन 60 मिनट के खेल में यही एकमात्र गोल साबित हुआ।
गीले मैदान पर दोनों टीमों के खिलाड़ियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। गेंद की रफ्तार धीमी रही और कई पास सही जगह तक नहीं पहुंच पाए। इसके बावजूद खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश की।
बुल्स ने बनाए कई मौके
मैच के दौरान बैलाडिला बुल्स ने दूसरा गोल करने के कई प्रयास किए। गोपाल पैकरा ने गेंद को गोलपोस्ट की ओर पहुंचाया, लेकिन अंपायर ने इसे मान्य नहीं माना। वहीं जसकरण को मिले पेनल्टी कॉर्नर के मौके भी गोल में नहीं बदल सके।
पहले हाफ के अंत तक बुल्स 1-0 से आगे रही। बारिश के कारण तीसरे और चौथे क्वार्टर में भी खिलाड़ियों को संघर्ष करना पड़ा। मैदान में पानी भरने से फॉरवर्ड खिलाड़ियों को रणनीति के अनुसार खेलने में परेशानी हुई।
राजधानी रॉयल्स के लिए पेनल्टी कॉर्नर पर गोल नहीं कर पाना हार की बड़ी वजह बना। हालांकि हिमांशु को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि राहुल यादव को स्ट्राइकर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स का मुकाबला ड्रॉ
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के एक अन्य मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच मुकाबला 1-1 से बराबरी पर खत्म हुआ। नाइट्स की ओर से केतन ने दूसरे क्वार्टर में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई, जबकि चौथे क्वार्टर में मोहित नायक ने टाइटन्स की वापसी कराई।
पहले क्वार्टर में दोनों टीमों ने आक्रमण किए, लेकिन कोई गोल नहीं हो सका। दूसरे क्वार्टर के आखिरी समय में केतन ने रिबाउंड पर गोल कर नाइट्स को 1-0 की बढ़त दिलाई।
तीसरे क्वार्टर में नाइट्स के मजबूत डिफेंस के सामने टाइटन्स के खिलाड़ी गोल करने में नाकाम रहे। हालांकि चौथे क्वार्टर में मैनपाट ने आक्रामक खेल दिखाया और मोहित नायक ने गोल कर स्कोर बराबर कर दिया।
केतन को स्ट्राइकर ऑफ द मैच और मोहित नायक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैनपाट टाइटन्स के पास अब 29 अक्टूबर को संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के खिलाफ जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाने का मौका रहेगा।





