Balodabazar Bus Accident: बलौदाबाजार जिले में बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम दरचुरा के पास अंबिकापुर से रायपुर आ रही रॉयल कंपनी की यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में बस चालक, हेल्पर और एक यात्री समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल लोगों को इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
खड़े ट्रक से टकराई यात्री बस
हादसा सुबह करीब 5:30 बजे सिमगा थाना क्षेत्र स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, नेशनल हाईवे पर एक ट्रक खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान अंबिकापुर से रायपुर जा रही रॉयल कंपनी की बस पीछे से ट्रक में जा भिड़ी। बस में करीब 22 यात्री सवार थे।
3 लोगों की मौके पर मौत
हादसे में जशपुर निवासी बस चालक भागीरथी यादव (37), बलरामपुर निवासी हेल्पर पवन देवांगन (24) और बलरामपुर निवासी यात्री समीम मोहम्मद (39) की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गैस कटर से निकाले गए फंसे यात्री
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई यात्री बस के भीतर फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद से बस की बॉडी काटकर घायलों को बाहर निकाला गया। हादसे में एक यात्री का पैर कटकर अलग हो गया।
7 गंभीर घायल रायपुर रेफर
घायलों को पहले सिमगा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सात गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


