CG News: दुर्ग जिले के भिलाई में खुर्सीपार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर से नागपुर जा रही एक पिकअप वाहन से करीब 4 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर उसमें सवार दो लोगों को हिरासत में लिया है। फिलहाल रकम के स्रोत और परिवहन के उद्देश्य की जांच की जा रही है।
गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जाई जा रही थी रकम
पुलिस को सूचना मिली थी कि सफेद रंग की बोलेरो मैक्स पिकअप में भारी मात्रा में नकदी रायपुर से नागपुर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर सोमवार रात करीब 11 बजे खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा में वाहन को रोककर जांच की गई।
तलाशी के दौरान पुलिस को वाहन के पिछले हिस्से में बदलाव दिखाई दिया। गहन जांच करने पर उसमें बनाया गया एक गुप्त चेंबर मिला। चेंबर खोलने पर उसमें बड़ी मात्रा में भारतीय मुद्रा बरामद हुई। गिनती के बाद नकदी करीब 4 करोड़ रुपये निकली।
2 लोग हिरासत में
वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों की पहचान चालक भवेशभाई जीनाभाई डाभी और विष्णुदेव दुबे के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से नकदी के स्वामित्व, उसके स्रोत और रायपुर से नागपुर ले जाने के उद्देश्य के बारे में पूछताछ कर रही है।
आयकर विभाग को दी जाएगी जानकारी
पुलिस के अनुसार मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। बरामद नकदी के वित्तीय स्रोत और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच के लिए आयकर विभाग को भी सूचना भेजी जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नकदी वैध थी या किसी अवैध गतिविधि से जुड़ी हुई थी।


