CG Accident: महासमुंद जिले में नेशनल हाईवे-53 पर शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पटेवा थाना क्षेत्र के बावनकेरा चौक के पास तेज रफ्तार कार 16 चक्का ट्रक के पीछे जा भिड़ी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में 2 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
ट्रक में जा घुसी कार
जानकारी के अनुसार कार में पांच लोग सवार थे। सभी ओडिशा के संबलपुर में शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। प्रारंभिक जानकारी में सभी के राजनांदगांव जिले का निवासी होने की बात सामने आई है। हालांकि मृतकों की आधिकारिक पहचान अभी नहीं हो सकी है।
2 महिलाओं की मौत, 3 घायल
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को उपचार के लिए तुमगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है।

