CG Bus Accident: मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में यात्री बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में बस मालिक समेत 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 25 यात्री घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल बस चालक का अस्पताल में इलाज जारी है। घटना केल्हारी थाना क्षेत्र के सेमरमथानी मोड़ की है।
पेड़ से जा भिड़ी बस
जानकारी के अनुसार, बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे। बस मनेंद्रगढ़ से केल्हारी की ओर जा रही थी। सेमरमथानी मोड़ के पास अचानक चालक बस से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
25 यात्री घायल, 15 को किया गया रेफर
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। करीब 25 घायलों में से 15 की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मनेंद्रगढ़ सिविल अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, अन्य 10 घायलों का इलाज केल्हारी अस्पताल में जारी है।
हादसे में बस मालिक सहित 5 लोगों की जान चली गई। फिलहाल दुर्घटना की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार, वाहन में तकनीकी खराबी या अन्य कारणों की संभावना को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के बाद हादसे की वास्तविक वजह सामने आएगी।




