CG Breaking: छत्तीसगढ़ में सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को अब ऑनलाइन प्रशिक्षण कोर्स पूरा करना होगा। राज्य शासन ने मिशन कर्मयोगी के तहत iGOT पोर्टल पर उपलब्ध दो कोर्स 31 अक्टूबर तक पूरा करना अनिवार्य कर दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में सभी विभागों को निर्देश जारी किए हैं।
इनमें पहला कोर्स ‘कार्यस्थल पर तनाव प्रबंधन’ और दूसरा ‘स्ट्रेस मैनेजमेंट थ्रू मेडिटेशन एंड योग निद्रा’ शामिल है। इन प्रशिक्षणों के माध्यम से कर्मचारियों को काम के दौरान तनाव को नियंत्रित करने और कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
विभागों को देनी होगी कोर्स पूरा होने की रिपोर्ट
सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि वे अपने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर दोनों कोर्स पूरे करवाएं। किसी भी कर्मचारी का प्रशिक्षण लंबित नहीं रहना चाहिए।
कोर्स पूरा होने की जानकारी विभागों को 3 नवंबर तक शासन को उपलब्ध करानी होगी। इसके बाद प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर आगे की प्रक्रिया की जाएगी।
सरकारी कामकाज में सुधार की कोशिश
सरकारी कार्यालयों में कामकाज की गुणवत्ता सुधारने के लिए शासन की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके बावजूद आम लोगों की शिकायतें पूरी तरह कम नहीं हो पाई हैं। कई बार काम समय पर पूरा नहीं होने और फाइलें लंबे समय तक लंबित रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
बताया जा रहा है कि अभी तक बड़ी संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों ने ये कोर्स पूरे नहीं किए हैं। इसी को देखते हुए शासन ने सभी को 31 अक्टूबर तक प्रशिक्षण पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
