Raipur President Visit: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 अक्टूबर को आएंगी रायपुर, ये रास्ते रहेंगे बंद

Draupadi Murmu

Raipur President Visit: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के रायपुर प्रवास को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। 22 अक्टूबर को राष्ट्रपति के आगमन के दौरान लोकभवन के आसपास 11 से ज्यादा सड़कों पर दो दिन तक यातायात प्रभावित रहेगा। सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग और बांस लगाए जाएंगे। राष्ट्रपति का काफिला गुजरने के समय प्रमुख मार्गों पर करीब आधे घंटे तक वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी।

राष्ट्रपति एयरपोर्ट से लोकभवन पहुंचेंगी। इसके बाद बूढ़ापारा स्थित इनडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी और रायपुर में रात्रि विश्राम करेंगी। अगले दिन सुबह वह बस्तर जाएंगी और शाम को रायपुर लौटकर दिल्ली के लिए रवाना होंगी।

सुरक्षा में 2000 से ज्यादा जवान तैनात

राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए रायपुर में सुरक्षा के लिए 2000 से ज्यादा पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। आईजी, डीआईजी समेत पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और दूसरे जिलों से आए जवान भी सुरक्षा व्यवस्था में शामिल रहेंगे।

Draupadi Murmu

शंकर नगर, सिविल लाइंस और बूढ़ापारा में बढ़ेगी परेशानी

राष्ट्रपति का काफिला शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगा। इसके चलते शंकर नगर, सिविल लाइंस और बूढ़ापारा इलाके में यातायात का दबाव बढ़ सकता है। इन क्षेत्रों के प्रमुख चौक-चौराहों पर जाम की स्थिति बनने की संभावना है।

इन रास्तों पर प्रभावित रहेगा यातायात

  • पुराना पुलिस मुख्यालय से राजभवन चौक तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। आने-जाने के लिए कलेक्टोरेट चौक मार्ग का उपयोग किया जा सकेगा।
  • एलआईसी ऑफिस से सिविल लाइंस रोड तक आवागमन बंद रहेगा। आयकर भवन के पास से वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध रहेगा।
  • राजभवन चौक से सप्रे शाला तक इनडोर स्टेडियम कार्यक्रम के दौरान काली माता मंदिर और महिला थाना मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात रोका जाएगा।
  • बूढ़ेश्वर चौक से राजभवन चौक तक वापसी के दौरान महिला थाना और ओसीएम चौक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहेगा।
  • माना एयरपोर्ट से लोकभवन तक वीआईपी रोड, एक्सप्रेस-वे, शंकर नगर ब्रिज और एसआरपी चौक मार्ग पर काफिला गुजरने के समय वाहनों को रोका जाएगा।
  • लोकभवन से माना एयरपोर्ट वापसी के दौरान एसआरपी चौक, शंकर नगर और एक्सप्रेस-वे मार्ग पर भी यातायात व्यवस्था बदली जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *