CG News: कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के निर्देश पर रबी सीजन 2025 के तहत उद्यानिकी फसलों के लंबित प्रधानमंत्री फसल बीमा क्लेम का भुगतान आगामी तीन कार्य दिवस के भीतर किया जाएगा। किसानों की शिकायत के बाद मंत्री ने विभागीय और बीमा अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर पात्र किसानों के खातों में समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इससे प्रदेश के 8,444 किसानों को लगभग 3.8 करोड़ रुपये की बीमा राशि मिलेगी।
किसानों की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई
15 अक्टूबर को राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम चिद्दों के दौरे के दौरान किसानों ने उद्यानिकी फसलों के बीमा क्लेम का भुगतान लंबित होने की शिकायत मंत्री से की थी। शिकायत मिलने के बाद मंत्री ने अगले ही दिन अधिकारियों की बैठक बुलाकर मामले की समीक्षा की और सभी स्वीकृत क्लेम का भुगतान तीन कार्य दिवस के भीतर करने के निर्देश दिए।
3.8 करोड़ रुपये का होगा भुगतान
पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत किसानों ने टमाटर, बैंगन, गोभी, प्याज और आलू सहित विभिन्न उद्यानिकी फसलों का बीमा कराया था। रबी सीजन 2025 के लिए 10,514 किसानों ने 15,298 आवेदन जमा किए थे। जांच के बाद 8,444 किसानों के 14,344 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं। इन स्वीकृत प्रकरणों के तहत करीब 3.8 करोड़ रुपये की बीमा राशि किसानों के खातों में भेजी जाएगी।
समय पर मिले योजनाओं का लाभ
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भुगतान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो और सभी आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी कर राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में अंतरित की जाए। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान और उन्हें योजनाओं का समय पर लाभ दिलाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।


