CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई के बीच दक्षिणी हिस्से में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर अगले पांच दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, 17 अक्टूबर को भी प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। विशेषकर दक्षिण छत्तीसगढ़ के जिलों में गरज-चमक के साथ मौसम खराब रहने के आसार हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में शनिवार को मौसम सामान्य रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक रहा।
पेंड्रा रोड रहा सबसे ठंडा
प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक भी प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी।


