CG News: बिलासपुर जिले में सूखे नशे के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है. इसी कड़ी में अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गांजा और प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के अवैध कारोबार में संलिप्त 4 महिलाओं समेत कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों के कब्जे से 8 किलो से अधिक गांजा और 2925 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट जब्त की गई है.
यह कार्रवाई सरकंडा, सिविल लाइन, बेलगहना, सीपत, कोनी, कोटा, रतनपुर, बिल्हा और सिरगिट्टी थाना क्षेत्रों में की गई. पुलिस ने 12 गांजा तस्करों और 1 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट विक्रेता को गिरफ्तार किया है. जब्त की गई 2925 नशीली टेबलेट की कीमत 11,497 रुपए आंकी गई है.

महिला गांजा तस्कर गिरफ्तार
कोनी थाना पुलिस ने अवैध गांजा बिक्री के मामले में आरोपी महिला पूर्णिमा वर्मा को गिरफ्तार किया है. उसके कब्जे से 1 किलो 256 ग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है. जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 36,000 रुपए आंकी गई है. आरोपिया के खिलाफ NDPS Act की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
