CG News: छत्तीसगढ़ में शुरू होगा ‘हर-घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान, कुपोषण और एनीमिया से लड़ने की तैयारी

CG News: छत्तीसगढ़ सरकार कुपोषण और एनीमिया जैसी समस्याओं से निपटने के लिए राज्यभर में 'हर-घर मुनगा, घर-घर मुनगा' अभियान शुरू करेगी। इस संबंध में मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। अभियान का उद्देश्य हर घर तक मुनगा (सहजन) के पौधे पहुंचाकर लोगों के पोषण स्तर में सुधार करना है।

CG News: छत्तीसगढ़ सरकार कुपोषण और एनीमिया जैसी समस्याओं से निपटने के लिए राज्यभर में ‘हर-घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान शुरू करेगी। इस संबंध में मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। अभियान का उद्देश्य हर घर तक मुनगा (सहजन) के पौधे पहुंचाकर लोगों के पोषण स्तर में सुधार करना है।

मुनगा के पौधे घर-घर बांटे जाएंगे

अभियान के तहत प्रदेश के प्रत्येक घर में मुनगा के पौधे निःशुल्क वितरित किए जाएंगे। उद्यानिकी, कृषि एवं किसान कल्याण तथा वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की नर्सरियों में पौधे तैयार किए जाएंगे। फरवरी से मार्च के बीच इनका वितरण और रोपण किया जाएगा। अभियान की निगरानी सभी जिलों के कलेक्टर करेंगे।

कुपोषण और एनीमिया से मिलेगी राहत

बैठक में बताया गया कि मुनगा की पत्तियों और फलियों में आयरन, कैल्शियम, प्रोटीन, विटामिन-ए और विटामिन-सी भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। नियमित सेवन से कुपोषण और एनीमिया की रोकथाम में मदद मिलती है। यह बच्चों, गर्भवती महिलाओं और महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए विशेष रूप से लाभकारी माना जाता है।

आंगनबाड़ी, स्कूल और छात्रावासों में भी होगा रोपण

राज्य के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों, आश्रमों और छात्रावासों में भी मुनगा के पौधे लगाए जाएंगे। करीब 23,500 स्कूलों में शाला पोषण वाटिका विकसित की जाएगी और मध्याह्न भोजन में मुनगा की भाजी शामिल करने की योजना है।

डिजिटल निगरानी पर रहेगा जोर

पौधों के रोपण, सुरक्षा और देखभाल की निगरानी के लिए डिजिटल जियो-टैगिंग और लाइव डैशबोर्ड का उपयोग किया जाएगा। इससे पौधों के जीवित रहने की स्थिति और अभियान की प्रगति पर लगातार नजर रखी जा सकेगी।

कई विभाग मिलकर करेंगे अभियान का संचालन

महिला एवं बाल विकास विभाग इस अभियान का नोडल विभाग होगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ग्राम स्तर पर जनजागरूकता और पौधरोपण में सहयोग करेगा। वहीं उद्यानिकी, कृषि और वन विभाग पौधों की उपलब्धता, तकनीकी मार्गदर्शन और संरक्षण सुनिश्चित करेंगे।

बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार, आदिम जाति विकास विभाग के सचिव भूवनेश यादव, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *