CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में आज (15 अक्टूबर) से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना जताई है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है। इससे पहले प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहा, जबकि राजनांदगांव जिले में 20 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसमी सिस्टम का दिखेगा असर
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दक्षिण भारत के कोमोरिन क्षेत्र से लेकर ओडिशा तट के पास बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से तक ट्रफ सक्रिय है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे सटे बिहार में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।
इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ेगी और बादलों की गतिविधियां तेज होंगी। इसका सबसे अधिक असर दक्षिण छत्तीसगढ़ के जिलों में देखने को मिलने की संभावना है।
छत्तीसगढ़ में आंधी-बारिश की संभावना
आज से बस्तर संभाग सहित दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की है। अगले दो दिनों तक मौसम इसी तरह बने रहने की संभावना है।
हालांकि, पूरे प्रदेश में व्यापक बारिश की संभावना नहीं है और केवल कुछ स्थानों पर ही बारिश दर्ज हो सकती है।
रायपुर में दोपहर बाद बदल सकता है मौसम
राजधानी रायपुर में सुबह मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन दोपहर बाद बादल छा सकते हैं। शहर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।


