Raipur Garba 2026: राजधानी रायपुर में 14 से 19 अक्टूबर तक जैनम मानस भवन में ‘रंगीलो रास गरबा’ का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष आयोजन में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, बस्तर कला और पारंपरिक खानपान को विशेष स्थान दिया गया है। कार्यक्रम में केवल पारंपरिक गरबा गीतों पर ही प्रस्तुति होगी और प्रतिभागियों को पारंपरिक वेशभूषा में ही प्रवेश दिया जाएगा।
आयोजन समिति के संस्थापक नीलेश मुंदडा ने बताया कि शहर में बढ़ते यातायात और लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार आयोजन स्थल जैनम मानस भवन रखा गया है। यहां पर्याप्त पार्किंग और बड़ा परिसर उपलब्ध है, जिससे प्रतिभागियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
छत्तीसगढ़ी संस्कृति का आनंद
गरबा स्थल पर बस्तर आर्ट की आकर्षक कलाकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। वहीं गढ़कलेवा कॉर्नर में चीला, फरा, भजिया, खुरमी और अनरसा जैसे पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्वाद लेने का अवसर मिलेगा।
इसके साथ ही ‘बेस्ट छत्तीसगढ़ी ट्रेडिशनल लुक’ प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिसमें पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक प्रस्तुति के आधार पर प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
सिर्फ पारंपरिक गरबा गीतों पर आयोजन
समिति ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम में बॉलीवुड गीतों की जगह केवल पारंपरिक गरबा संगीत ही बजाया जाएगा। आयोजन में शामिल होने के लिए पारंपरिक परिधान अनिवार्य रहेगा। वेस्टर्न या कैजुअल ड्रेस पहनकर आने वालों को प्रवेश नहीं मिलेगा।
पारिवारिक माहौल बनाए रखने के लिए कपल्स और ग्रुप एंट्री को प्राथमिकता दी जाएगी, जबकि अकेले आने वाले लड़कों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
तिलक से होगा स्वागत
आयोजन स्थल के प्रवेश द्वार पर सभी प्रतिभागियों का तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा। समिति का कहना है कि इसका उद्देश्य भारतीय संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, महिला बाउंसर्स, मेडिकल टीम और दो एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को लाखों रुपये के आकर्षक उपहार भी दिए जाएंगे।


